मानसून की दस्तक से पहले भारी बारिश ने मचाई तबाही

Weather Update : नई दिल्ली। देश के अलग-अलग राज्यों में जहां एक तरफ भीषण गर्मी का प्रकोप जारी है, वहीं दूसरी तरफ कुछ राज्यों में प्री-मानसून ने दस्तक दे दी है। राजस्थान में पड़ रही भीषण गर्मी के बीच सोमवार को प्री-मानसून ने तबाही मचाई है। राजस्थान के बाड़मेर में करीब छह घंटे तक मानसून की पहली बारिश ने भारी उत्पात मचाया। पानी इतना गिरा कि हालात बिगड़ गए
दरअसल, मानसून के आने से पहले बाड़मेर में भीषण गर्मी के बीच सोमवार को प्री-मानसून की दस्तक से हालात बिगड़ गए। यहां पहली बारिश ने बहुत तबाही मचाई है। लगातार बारिश से सड़कों पर जलभराव हो गया, कईघरों-दुकानों में पानी घुस गया, कई गाड़ियां बह गईं इतना ही नहीं कई गांव का संपर्क मुख्य मार्ग से टूट गया है। बताया जा रहा है कि बारिश शाम करीब 5 बजे से बारिश शुरू हुई जो रात 11 बजे तक जारी रही। बारिश के कारण 5 घंटे तक पूरे शहर की बिजली गुल हो गई है।
डिप्टी ऑफिस में भी 4 फुट पानी घुसा
मिली जानकारी के अनुसार सबसे ज्यादा नुकसान बाड़मेर जिले के बॉर्डर से लगे चौहटन कस्बे और उसके आसपास के इलाकों में हुआ है। मूसलाधार बारिश के चलते पहाड़ों से आने वाला पानी निचले बस्ती के इलाकों में घुस गया। भारी बारिश के चलते डिप्टी ऑफिस में भी 4 फुट पानी घुस गया। कई इलाकों में वाहन पानी में डूब गए। चौहटन रोड पर पानी का नाला ओवरफ्लो हो गया, जिसके बाद प्रशासन ने JCB लगाकर पानी को निकालने का काम शुरू किया है। बाड़मेर मुनाबाव सड़क मार्ग के साथ हाथमा और रामसर गडरा रोड सड़क पानी में बह गई, जिसके बाद में इन इलाकों के गांवों का आपस में संपर्क पूरी तरीके से टूट गया है।
इन जिलों मे येलो अलर्ट
बता दें प्री-मानसून को देखते हुए मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी करते हुए कहा कि नागौर, जैसलमेर, बाड़मेर, जोधपुर, भीलवाड़ा, श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, चित्तौड़गढ़, राजसमंद, सिरोही, जालौर, उदयपुर, डूंगरपुर, बांसवाड़ा, प्रतापगढ़, सीकर, पाली, बूंदी, कोटा, बारां, झुंझुनू, चूरू, बीकानेर, झालावाड़, अजमेर में हल्की से मध्यम वर्षा, आकाशीय बिजली और तेज हवा चलने की आशंका जताई है।



