भारत-कुवैत फुटबॉल मैच के बीच खिलाडियों में हुई हाथापाई, मैच हुआ ड्रॉ…

SAFF Championship: कप्तान सुनील छेत्री के उम्दा प्रदर्शन के बावजूद भारत को सैफ फुटबॉल चैम्पियनशिप 2023 के आखिरी ग्रुप मैच में मंगलवार को कुवैत ने 1-1 से ड्रॉ पर रोक दिया। छेत्री ने पहले हाफ में इंजुरी टाइम में गोल करके भारत का खाता खोला लेकिन दूसरे हाफ में अतिरिक्त समय में अनवर अली के आत्मघाती गोल का खामियाजा भारत को भुगतना पड़ा। नौ मैचों में भारत ने यह पहला गोल गंवाया था। इस मैच के दौरान भारत और कुवैत के खिलाड़ियों के बीच गहमागहमी भी देखने को मिली और दोनों खिलाड़ियों के बीच हाथापाई की भी नौबत आ गई।
लड़ाई तब शुरू हुई जब कुवैत के हमाद अलकल्लाफ ने भारतीय मिडफील्डर सहल समद को धक्का देकर गिरा दिया। इसके बाद भारत के रहीम अली ने अलकल्लाफ को धक्का दिया और दोनों पक्षों के खिलाड़ी आपस में भिड़ गए। भारत और कुवैत दोनों के सात अंक रहे लेकिन बेहतर गोल औसत के आधार पर कुवैत शीर्ष पर रहा। भारत का सामना सेमीफाइनल में लेबनान से होगा जबकि कुवैत की टक्कर बांग्लादेश या मालदीव से होगी। सेमीफाइनल के लिये पहले ही क्वालीफाई कर चुके भारत और कुवैत ने पहले ही क्षण से आक्रामक खेल दिखाया। भारत ने दोनों विंग से आक्रमण किया और छठे मिनट में गोल करने के करीब पहुंचा लेकिन आकाश मिश्रा के क्रास पर छेत्री गेंद पकड़ने में नाकाम रहे।


