भारत और स्कॉटलैंड के बीच टक्कर,स्कॉटलैंड ने टेके घुटने, सिर्फ 85 रनों पर हुआ ढेर

दुबई: भारत (India) और स्कॉटलैंड (Scotland) के बीच टी20 वर्ल्ड कप का मुकाबला दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम में खेला जा रहा है. पहले बल्लेबाजी करने उतरी स्कॉटलैंड की टीम 17.4 ओवर में 85 रनों पर ढेर हो गई. टीम इंडिया के लिए रवींद्र जडेजा और मोहम्मद शमी ने कहर मचाते हुए 3-3 विकेट झटके. इसके अलावा जसप्रीत बुमराह ने 2 और रविचंद्रन अश्विन ने 1 विकेट चटकाए.
भारत ने स्कॉटलैंड को 85 रनों पर किया ढेर
भारतीय टीम ने स्कॉटलैंड को सिर्फ 85 रनों पर ही ढेर कर दिया. स्कॉटलैंड टीम की कोई भी बड़ी साझेदारी भारतीय गेंदबाजों ने पनपने नहीं दी. भारत की ओर से रवींद्र जडेजा और शमी ने तीन-तीन विकेट चकटाए. वहीं, जसप्रीत बुमराह ने दो विकेट झटके, जबकि रविचंद्रन अश्विन को एक विकेट मिला. स्कॉटलैंड की टीम की शुरुआत बेहद खराब रही. पावरप्ले में टीम ने दो विकेट गंवाकर 27 रन बनाए. इस दौरान, मुन्सी (24) और काइल कोएत्जेर (1) रन बनाकर आउट हो गए. इसके बाद, टीम को जडेजा ने एक ही ओवर में दो झटके दिए. मैथ्यू क्रॉस (2) और रिची बेरिंगटन (0) को जल्द ही चलता किया.
पांचवें और छठे नंबर पर आए कैलम मैकिलोड और माइकल लेस्क ने धर्य का परिचय देते हुए टीम के लिए कुछ रन जोड़े, जिससे टीम का स्कोर 10 ओवरों में चार विकेट के नुकसान पर 44 रन बने. दोनों ने मिलकर 26 गेंदों में 29 रन बनाए. इसके बाद, लेस्क दो चौके और एक छक्के की मदद से 12 गेंदों में 21 रन बनाकर जडेजा का शिकार बन गए. साथ ही जल्द क्रिस ग्रीव्स (1) आर अश्विन को झोली में विकेट देकर चलते बने. इस समय तक स्कॉटलैंड का स्कोर 14 ओवरों में 6 विकेट पर 64 बनाए गए. इस बीच, मैकिलोड और मार्क वाट मैदान पर डटे रहे. दोनों ने मिलकर टीम के कुछ रन जोड़े और शमी की एक गेंद पर मैकिलोड (16) रन बनाकर बोल्ड हो गए. इसके बाद आए सफ्यान शरीफ (0), एलेस्डेयर इवांस (0) और ब्रैडली व्हील (1) रन के बदौलत टीम 85 रनों पर सिमट गई.
भारत ने टॉस जीतकर चुनी थी गेंदबाजी
भारतीय कप्तान विराट कोहली ने अपने जन्मदिन के दिन टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया और स्कॉटलैंड की टीम को पहले बल्लेबाजी का न्योता दिया. टीम इंडिया की प्लेइंग इलेवन में एक बदलाव हुआ है. शार्दुल ठाकुर को प्लेइंग इलेवन से बाहर का रास्ता दिखाया गया है, जबकि उनकी जगह लेग स्पिनर वरुण चक्रवर्ती को मौका दिया गया है.
टीम इंडिया में हुआ बड़ा बदलाव
शार्दुल ठाकुर को न्यूजीलैंड और अफगानिस्तान दोनों मैचों में एक भी विकेट नहीं मिला. शार्दुल ठाकुर ने इसके अलावा जमकर रन भी लुटाए थे. भारत ने पिछले मैच में अफगानिस्तान को 66 रनों के बड़े अंतर से हराया था. अब भारत को स्कॉटलैंड समेत अगले 2 मैच भी बड़े अंतर से जीतने होंगे और दुआ करनी होगी कि अफगानिस्तान की टीम भी न्यूजीलैंड को हरा दे.

