भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेले जाने वाले दूसरे टी-20 पर छाए संकट के बादल,सामने आई यह बड़ी जानकारी – RGH NEWS
खेल

भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेले जाने वाले दूसरे टी-20 पर छाए संकट के बादल,सामने आई यह बड़ी जानकारी

भारत न्यूजीलैंड के खिलाफ तीन मैचों की टी-20 सीरीज में 1-0 से आगे चल रही है। शुक्रवार को रांची में खेले जाने वाले दूसरे टी-20 मैच पर संकट के बादल छा गए हैं। रांची में होने वाले दूसरे मैच को स्थगित करने या सिर्फ स्टेडियम की क्षमता के आधे दर्शकों के साथ ही मैच कराने की अनुमति देने की मांग के साथ झारखंड हाई कोर्ट में याचिका दाखिल की गई है। झारखंड हाई कोर्ट के वकील धीरज कुमार ने झारखंड राज्य क्रिकेट संघ के जेएससीए स्टेडियम में न्यूजीलैंड और भारत के बीच शुक्रवार को होने वाले सीरीज के दूसरे टी-20 मैच में शत प्रतिशत सीट दर्शकों के लिए खोले जाने के खिलाफ झारखंड हाई कोर्ट में जनहित याचिका दाखिल की है।

वकील ने शत प्रतिशत क्षमता के साथ क्रिकेट मैच के आयोजन की छूट दिये जाने का विरोध किया है। उन्होंने कहा कि कोरोना संक्रमण को लेकर जब राज्य के मंदिर, सभी कोर्ट सहित अन्य ऑफिस भी 50 प्रतिशत कर्मचारियों के साथ काम कर रहे हैं तो किस नियम के तहत राज्य सरकार ने क्रिकेट स्टेडियम को 100 प्रतिशत क्षमता के साथ उपयोग करने की छूट दी है? याचिका में कल के मैच को स्थगित करने अथवा शत प्रतिशत क्षमता से स्टेडियम के उपयोग पर रोक लगाने की मांग की गई है।

पहले टी20 में टीम इंडिया ने दर्ज की जीत

बता दें कि कीवी टीम तीन मैचों की टी20 सीरीज और दो मैचों की टेस्ट सीरीज के लिए भारत दौरे पर आई है. टी20 सीरीज का पहला मुकाबला 17 नवंबर को जयपुर में खेला गया था. इस मैच में भारत ने पांच विकेट से जीत दर्ज की. न्यूजीलैंड ने पहले खेलने के बाद 20 ओवर में छह विकेट पर 164 रन बनाए थे. इसके जवाब में टीम इंडिया ने दो गेंद शेष रहते लक्ष्य का पीछा कर लिया.

वकील ने याचिका पर जल्द सुनवाई के लिए कोर्ट से विशेष आग्रह भी किया है जिससे जल्द से जल्द सुनवाई हो और इस मामले में राज्य सरकार के आदेश पर रोक लगाई जा सके। महत्वपूर्ण यह है कि दो दिन पूर्व राज्य सरकार ने न्यूजीलैंड और भारत के बीच होने वाले क्रिकेट मैच के लिए स्टेडियम की 50 प्रतिशत सीट ही बुक करने की अनुमति दी थी लेकिन फिर इस निर्णय को वापस ले लिया और आयोजकों को मैच के लिए स्टेडियम की सभी सीटें बुक करने की छूट दे दी। भारत-न्यूजीलैंड क्रिकेट सीरीज के टी-20 मैचों की सीरीज का दूसरा मैच शुक्रवार को रांची में होना है जिसकी बड़े पैमाने पर यहां तैयारी की जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button