बारिश ने बिगाड़ा धान खरीदी का सिस्टम…..धूप खिली तो गीला धान सुखा रहे किसान

Raigarh News: चक्रवाती तूफान मिचौंग का असर शहर सहित पूरे जिले में देखने को मिला। 5 दिसंबर से छाए बादल दो दिन तक किसानों के लिए परेशानी खड़ी की। मौसम खराब होने से कारण पिछले तीन दिन से धान खरीदी समितियों में वीरानी छाई हुई है। धान खरीदी केंद्रों में भूसे की बोरी से चबूतरा बनाकर धान रख रहे हैं, ताकि धान में नमी ना आए।
बारिश से बचाने तिरपाल से ढंका जा रहा है। इधर, धान की खड़ी फसल बारिश के बाद झुक गई है। इसके साथ ही नमीयुक्त धान रिजेक्ट होने की परेशानी भी उन्हें अगले दिनों में उठानी पड़ सकती है। अभी जिले में 2-4 किसानों ने ही फसल बर्बाद होने की सूचना कृषि विभाग को दी है। जिले में 83 हजार पंजीकृत किसान हैं। 103 खरीदी केंद्रों में धान की खरीदी की जा रही है।
इस बार 5 लाख क्विंटल समर्थन मूल्य में धान खरीदी का लक्ष्य रखा है। दिसंबर महीने का पहला सप्ताह खत्म हो चुका है। जिले में सिर्फ 22 हजार 363 टन धान की खरीदी हुई है। जिले के 3962 किसानों ने 90 समितियों में धान बेचा है। एक लाख 21 हजार 949 हेक्टयेर में धान की फसल लगी है।
केसला धान खरीदी केंद्र में पसरा रहा सन्नाटा RGHNEWS की टीम केसला धान खरीदी केंद्र पहुंची। समिति में 1500 किसान पंजीकृत हैं। अब तक 5 हजार 600 क्विंटल खरीदी हो चुकी है। समिति के सदस्यों ने बताया कि बारिश की वजह से समिति के रखे धान भीग ना जाएं, नमी ना आए, इसके लिए पहले से ही तैयारी कर ली गई है। भूसा भरकर चबूतरा बनाया गया है, ताकि धान खराब न हो।
read more: खेतों में गीला पड़ा धान,खरीदी बंद,अन्नदाता परेशान
नुकसान की संभावना कम ^जिले में दो दिनों तक हुई बारिश से नुकसान होने की संभावना कम है। मौसम साफ होने के बाद धान की कटाई में तेजी आएगी। हालांकि अन्य जिलों की तुलना में 60 से 65 प्रतिशत कटाई हो चुकी है। बारिश से 2-4 किसानों की फसल बर्बाद की सूचना मिली है। ऐसे किसानों के बारे में बीमा कंपनी को जानकारी भेजी जा रही है। कटाई के बाद खेत-खलियान में रखी फसल बर्बाद होने पर बीमा का प्रावधान है। एक सप्ताह बाद सब सामान्य हो जाएगा। बारिश की वजह से कुछ परेशानी हुई है। -अनिल वर्मा, उप संचालक, कृषि विभाग
पटेलपाली खरीदी केंद्र में कर्मी मिले, यहां कर्मचारी फार्मेट में पहले खरीदी गई धान का रजिस्ट्रर बना रहे थे। उन्होंने बताया कि तीन दिनों से खरीदी नहीं हुई है। बारिश की वजह से किसान ही नहीं आ रहे हैं। यहां 243 पंजीकृत किसान हैं। इनमें अब तक 1758 क्विंटल ही खरीदी हुई। मंडी में शेड होने के कारण यहां बारिश की समस्या नहीं है।
Raigarh News: जिले में 38 दिनों में 22 हजार 263 टन हुई खरीदी विभाग से मिली जानकारी के अनुसार अब तक 90 समितियों में 3 हजार 962 किसानों से 22 हजार 263 टन धान की खरीदी हुई है। यानि सिर्फ 38 दिनों में ज्यादातर धान खरीदी केंद्रों में सन्नाटा पसरा रहा। मौसम की वजह से तीन दिनों में धान खरीदी नहीं के बराबर है। जिले में उठाव 58 प्रतिशत हो चुका है।



