फुल पैसा वसूल है विक्की कौशल और सारा अली खान की फिल्म, पढ़ें पूरा रिव्यू…

Zara Hatke Zara Bachke Full Review In Hindi: विक्की कौशल और सारा अली खान की फिल्म ‘जरा हटके जरा बचके’ थिएटर में रिलीज हो चुकी है. अपने माता पिता के साथ रहने वाले पति-पत्नी और हर दूसरे दिन घर में आने वाले रिश्तेदार, देश के हर पांचवे मिडल क्लास परिवार में नए शादीशुदा जोड़े की यही शिकायत होती है कि उन्हें इन सब के बीच ‘क्वालिटी टाइम’ नहीं मिलता. ऐसे ही एक जोड़ी की कहानी बयां कर रही है लक्ष्मण उतेकर की ‘जरा हटके जरा बचके‘.
कहानी
ये कहानी है कपिल दुबे (विक्की कौशल) और सौम्या चावला दुबे (सारा अली खान) की. इंदौर के आनंद नगर में अपने परिवार के साथ रहने वाले इस कपल के शादी को दो साल हो गए हैं. पंडित परिवार में शादी करके आई पंजाबी कुड़ी सौम्या को अपनी जिंदगी खुलकर जीने की आदत है, तो उसका पति कपिल एक क्लोड्रिंक की बोतल भी आधी-आधी शेयर करने में विश्वास रखते हैं. अपना बैडरूम 6 महीने से घर में डेरा डाल कर बैठे मामा-मामी को देकर घर में हॉल में सोते हुए कपिल और सौम्या खुदके घर का सपना देखते हैं और जमीन पर चलते हुए आसमान के सपने देखने वाले हर आम आदमी की तरह खुद का आशियां बनाने निकले सौम्या और कपिल को उनकी ही भाषा में कहे तो ‘खुद की औकात’ पता चलती है.
सौम्या फिर भी हार नहीं मानती, वो तय कर लेती हैं कि वो जान आवास योजना के तहत घर के लिए अर्जी करेंगी. हालांकि घर लेने के सपने देखने वाले ये लव बर्ड्स क्यों तलाक लेना चाहते हैं, क्या उन्हें अपना घर मिलेगा, इस रास्ते में इन दोनों को कौन सी मुसीबतों का सामना करना पड़ेगा, इन सवालों के जवाब जानने के लिए आपकोफिल्म ‘जरा हटके जरा बचके’ थिएटर में देखनी होगी.
एक्टिंग
विक्की कौशल, सारा अली खान के साथ साथ इस फिल्म में शारिब हाशमी एक छोटा लेकिन अहम किरदार निभाते हुए नजर आते हैं. एक्टिंग के मामलें में विक्की और सारा दोनों आपको निराश नहीं करते. दोनों के बीच का प्यार, तकरार हो या फिर रोमांस, दोनों की केमिस्ट्री साफ-साफ नजर आ रही है. सभी कलाकरों की कॉमेडी टाइमिंग फिल्म के आकर्षण का विषय है, जो आपको इससे जोड़कर रखती है. हालांकि फिल्म का क्लाइमेक्स और असरदार हो सकता था.
टेक्निकल
फिल्म का म्यूजिक इस कहानी का प्लस पॉइंट हैं. सचिन-जिगर और अमिताभ भट्टाचार्य ने चार शानदारों गानों के साथ उन्हें दी गई जिम्मेदारी पूरी निष्ठा से निभाई है. फिल्म का बैकग्राउंड स्कोर भी प्रभशाली है. सिनेमेटोग्राफी की बात करें तो अपने लेंस से सिनेमेटोग्राफर राघव ने मध्य प्रदेश को इतनी खूबसूरती से फिल्माया है कि कहानी से ज्यादा इंदौर याद रहता है.
Also read इन बड़े बैंकों ने दिया झटका, अब ग्राहोकों पर बढ़ेगा EMI का बोझ…
क्यों देखें
Zara Hatke Zara Bachke Full Review In Hindiअगर आपको कॉमेडी फिल्म देखना पसंद है, तो आप ये फिल्म जरूर देख सकते हैं. विक्की कौशल और सारा अली खान की जोड़ी की केमिस्ट्री के लिए आप इसे एक मौका दे सकते हैं. अगर आपने इंदौर नहीं देखा हो और आपका मध्य प्रदेश जाने का बजट नहीं हो, तो आप थिएटर जाकर एमपी दर्शन जरूर कर सकते हैं.



