पैट कमिंस बने ऑस्ट्रेलियाई टेस्ट टीम के कप्तान

नई दिल्ली. दुनिया के नंबर एक टेस्ट गेंदबाज पैट कमिंस को ऑस्ट्रेलिया की टेस्ट क्रिकेट टीम का नया कप्तान चुना गया है. कमिंस ऑस्ट्रेलिया के 47वें टेस्ट कप्तान बने हैं. अनुभवी खिलाड़ी स्टीव स्मिथ को टीम का उप कप्तान बनाया गया है. यह 65 साल में पहला मौका होगा जब ऑस्ट्रेलियाई टेस्ट टीम की कप्तानी गेंदबाज करेगा. कमिंस ने टिम पैन की जगह ली है. पैन ने एक महिला सहकर्मी को अपनी अश्लील तस्वीर और भद्दे मैसेज भेजने पर खेद जताते हुए कप्तानी छोड़ने का फैसला किया था. ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के बीच अगले महीने से एशेज सीरीज होनी है.
3 साल बाद स्टीव स्मिथ को मिली जिम्मेदारी
2018 में साउथ अफ्रीका के खिलाफ केपटाउन टेस्ट में बॉल टेंपरिंग के बाद स्टीव स्मिथ से कप्तानी छीन ली गई थी और उनकी जगह टिम पैन को टेस्ट टीम का कप्तान बनाया गया था. स्मिथ पर एक साल का बैन भी लगा था. वापसी के बाद वह बतौर बल्लेबाज खेल रहे थे. हालांकि स्मिथ पर एक बार फिर क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने भरोसा जताया है. उप कप्तान बनने पर स्मिथ ने कहा, “मैं टीम की लीडरशिप में लौट कर काफी खुश हूं. मैं पैट कमिंस की मदद करने को तैयार हूं. कमिंस और मैं काफी लंबे समय से एक साथ खेल रहे हैं इसलिए हम एक दूसरे की शैली को जानते हैं.”
दुनिया के नंबर वन टेस्ट गेंदबाज हैं कमिंस
पैट कमिंस ऑस्ट्रेलिया के उन चुनिंदा खिलाड़ियों में से एक हैं, जो तीनों फॉर्मेट में खेलते हैं. वे अब तक 34 टेस्ट, 69 वनडे और 37 टी20 इंटरनेशनल मैच खेल चुके हैं. कमिंस टेस्ट रैंकिंग में पहले नंबर पर भी हैं. कमिंस के नाम टेस्ट में 164, वनडे में 111 और टी20 इंटरनेशनल में 42 विकेट दर्ज है.


