Election Update :पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु में मतदान जारी, पहले चरण में 152 और 234 सीटों पर वोटिंग, चुनाव आयोग ने दिए सख्त निर्देश – RGH NEWS
राजनीतिक

Election Update :पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु में मतदान जारी, पहले चरण में 152 और 234 सीटों पर वोटिंग, चुनाव आयोग ने दिए सख्त निर्देश

Election Update :पश्चिम बंगाल की 152 और तमिलनाडु की 234 विधानसभा सीटों पर आज मतदान हो रहा है। पश्चिम बंगाल में दो चरणों में चुनाव होने हैं, जिसमें आज यानी 23 अप्रैल को पहले चरण की वोटिंग की जा रही है। पहले चरण में 152 सीटों पर मतदाता अपने अधिकार का प्रयोग कर रहे हैं। वहीं तमिलनाडु में सभी सीटों पर एक ही चरण में मतदान कराया जा रहा है।

बीजेपी दोनों राज्यों में सत्ता हासिल करने के लिए पूरी ताकत झोंक रही है। दूसरी ओर पश्चिम बंगाल में ममता बनर्जी की टीएमसी के लिए सत्ता बनाए रखना बड़ी चुनौती माना जा रहा है। तमिलनाडु में एमके स्टालिन के लिए भी दोबारा सरकार बनाना आसान नहीं दिख रहा है।

सुबह 7 बजे से मतदान शुरू हुआ, जो शाम 6 बजे तक चलेगा। मौसम विभाग ने पश्चिम बंगाल समेत उत्तर और मध्य भारत में लू का अलर्ट जारी किया है। ऐसे में मतदाताओं की ज्यादा भीड़ सुबह और शाम के समय देखने को मिल सकती है, जबकि दोपहर में मतदान की रफ्तार कम रहने की संभावना है। तमिलनाडु में इस चुनाव में 5.73 करोड़ से ज्यादा मतदाता 4,023 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला करेंगे।

चुनाव आयोग ने जारी किए निर्देश

चुनाव आयोग ने पश्चिम बंगाल में चुनाव लड़ रहे उम्मीदवारों को निर्देश दिया है कि वे 23 अप्रैल को सुबह 6 बजे से मतदान समाप्त होने तक अपने-अपने क्षेत्रों से बाहर न जाएं। पहले चरण में राज्य के 16 जिलों की 152 सीटों पर मतदान हो रहा है, जिसमें कुल 1,478 उम्मीदवार मैदान में हैं। करीब 3.60 करोड़ से अधिक मतदाता लगभग 44,376 बूथों पर वोट डाल रहे हैं।

Election Update :इनमें 1.84 करोड़ पुरुष, 1.75 करोड़ महिला और 465 थर्ड जेंडर मतदाता शामिल हैं। आयोग ने कहा है कि मतदान प्रक्रिया स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण तरीके से होनी चाहिए ताकि मतदाता बिना किसी डर या दबाव के अपने मताधिकार का उपयोग कर सकें। दूसरे चरण का मतदान 29 अप्रैल को होगा, जबकि मतगणना 4 मई को की जाएगी।

Related Articles

Back to top button