पंड्या और भुवनेश्वर कुमार की टीम इंडिया से होगी छुट्टी

नई दिल्ली. टी20 विश्व कप में टीम इंडिया का प्रदर्शन अब तक फीका रहा है. पहले पाकिस्तान और फिर न्यूजीलैंड (IND vs NZ T20 Series) के हाथों हार झेलने के बाद टीम पर विश्व कप से बाहर होने का खतरा मंडरा रहा है. टीम को अगला मैच बुधवार को अफगानिस्तान (IND vs AFG T20 World Cup) से खेलना है. अगर इसमें उलटफेर हो जाता है, तो फिर टीम इंडिया का सफर टूर्नामेंट में थम जाएगा. इस विश्व कप के फौरन बाद टीम इंडिया को घर में न्यूजीलैंड के खिलाफ 3 टी20 और 2 टेस्ट की सीरीज खेलनी है. इस सीरीज के दौरान टीम इंडिया में कई बदलाव देखने को मिल सकते हैं. रोहित शर्मा (Rohit Sharma) को टी20 टीम की कमान सौंपी जा सकती है. इसके अलावा फिटनेस और फॉर्म से जूझ रहे हार्दिक पंड्या (Hardik Pandya) और भुवनेश्वर कुमार(Bhuvneshwar kumar) की टीम इंडिया से छुट्टी हो सकती है.
न्यूज एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, फिटनेस और खराब लय से जूझ रहे पंड्या और भुवनेश्वर की निकट भविष्य में टीम से छुट्टी तय है. इन खिलाड़ियों की जगह इंडियन प्रीमियर लीग में ऑरेंज कैप जीतने वाले (सत्र में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले) ऋतुराज गायकवाड़ और सबसे ज्यादा विकेट लेने वालों में शामिल आवेश खान को मौका मिल सकता है.
पंड्या की खराब फिटनेस से टीम इंडिया को हुआ नुकसान
टी20 विश्व कप में टीम इंडिया के खराब प्रदर्शन की एक वजह हार्दिक पंड्या भी हैं. उनके गेंदबाजी नहीं करने का खामियाजा टीम इंडिया को पाकिस्तान के खिलाफ मुकाबले में उठाना पड़ा. भारत को वो मैच 10 विकेट से हारा. इसी मैच के दौरान पंड्या के कंधे पर दोबारा चोट लग गई थी. हालांकि, अच्छी बात यह रही कि उनकी यह चोट गंभीर नहीं थी. उन्होंने न्यूजीलैंड के खिलाफ मुकाबले में 2 ओवर गेंदबाजी की. लेकिन कहीं ना कहीं चोट के असर उनकी रफ्तार पर नजर आया. पंड्या ने 2 ओवर में 17 रन दिए थे. वहीं, बल्ले से भी वो खास धमाल नहीं मचा पाए. दोनों मैचों में पंड्या के बल्ले से 34 रन आए.



