कोरोना का नया वेरिएंट मिलने से ICC ने लिया बड़ा फैसला

इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (आईसीसी) ने अफ्रीकी क्षेत्र में कोविड-19 के नए वेरिएंट का पता चलने के बाद अगले साल होने वाले महिला वनडे वर्ल्ड कप के लिए हरारे में चल रहे क्वालीफायर शनिवार को रद्द कर दिए, जिससे रैंकिंग के आधार पर पाकिस्तान, वेस्टइंडीज और बांग्लादेश ने क्वालीफाई किया। दक्षिण अफ्रीका में नए वेरिएंट के पता चलने के बाद दुनिया भर में डर पैदा हो गया है जिससे कई अफ्रीकी देशों की यात्रा पर प्रतिबंध लगा दिये गए हैं। आईसीसी ने कहा कि टूर्नामेंट को रोकने का फैसला उसकी इस चिंता के आधार पर लिया गया है कि ओमीक्रोन वेरिएंट के बढ़ने के बाद इसमें भाग लेने वाली टीमें वापस कैसे लौटेंगी।
यह फैसला नौ टीमों के शुरुआती लीग चरण के टूर्नामेंट के दौरान लिया गया है, जिससे न्यूजीलैंड में होने वर्ल्ड कप 2022 के लिए अंतिम तीन क्वालीफायर के साथ आईसीसी महिला चैम्पियनशिप के अगले चक्र के लिये दो अतिरिक्त टीमों का फैसला होता। आईसीसी ने एक बयान में कहा, ‘क्वालीफायर पर फैसला अब टीम रैंकिंग के आधार पर किया जाएगा जैसा की टूर्नामेंट खेलने की शर्तों में जिक्र किया गया है। इसलिए बांग्लादेश, पाकिस्तान और वेस्टइंडीज अब न्यूजीलैंड में होने वाले टूर्नामेंट में क्वालीफाई करेंगी।’
शनिवार को तीन से दो निर्धारित मैचों का खेल – जिम्बाब्वे बनाम पाकिस्तान और अमेरिका बनाम थाईलैंड – शुरू हो गया था लेकिन दिन का तीसरा मैच वेस्टइंडीज और श्रीलंका के बीच नहीं कराया जा सका क्योंकि श्रीलंकाई टीम के सहयोगी कर्मचारी का एक सदस्य कोविड-19 पॉजिटिव पाया गया। आईसीसी के टूर्नामेंट प्रमुख क्रिस टेटले ने कहा, ‘हम बचे हुए इस टूर्नामेंट को रद्द करके काफी निराश हैं लेकिन इतने कम समय में लगाये गए कई अफ्रीकी देशों में यात्रा प्रतिबंध के कारण गंभीर जोखिम था कि टीम स्वदेश लौटने में असमर्थ होंगी।’



