
साउथ अफ्रीका में मिले कोरोना के नए वैरिएंट ओमिक्रॉन के डर से दुनियभार में प्रतिबंध लगने शुरू हो गए हैं। इसी वैरिएंट पर चर्चा के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को अफसरों की एक इमरजेंसी मीटिंग बुलाई। उन्होंने कहा कि नए वैरिएंट को लेकर हमें अभी से अलर्ट होने की जरूरत है। उन्होंने अधिकारियों से यह भी कहा कि अंतरराष्ट्रीय यात्राओं में छूट देने की जो योजनाएं हैं, उनकी फिर से समीक्षा भी की जानी चाहिए।
साउथ अफ्रीकन वैरिएंट को लेकर मोदी की 6 हिदायतें
1. नए वैरिएंट के लिए हमें अभी से तैयारी की जरूरत।
2. जिन इलाकों में ज्यादा केस आ रहे हैं, वहां पर निगरानी और कंटेनमेंट जैसी सख्ती जारी रखी जाए।
3. लोगों को और ज्यादा सतर्क होने की जरूरत है। मास्क और सोशल डिस्टेंसिंग जैसी चीजों का पालन सही तरह से किया जाए।
4. अंतरराष्ट्रीय यात्राओं में छूट देने की योजना की समीक्षा की जाए।
5. कोरोना वैक्सीन की दूसरी डोज की कवरेज बढ़ाने पर फोकस करना चाहिए।
6. राज्यों को इस बात पर ध्यान देना होगा कि जिन्हें पहली डोज मिल गई है, उन्हें दूसरी डोज समय पर दे दी जाए।
मोदी की अध्यक्षता में यह बैठक ऐसे समय बुलाई गई है, जब अफ्रीका में मिले कोरोना के नए वैरिएंट को लेकर दुनियाभर के देश डर गए हैं। दक्षिण अफ्रीका के नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ इंफेक्शियस डिजीज ने बताया- देश में इस वैरिएंट के अब तक 22 केस मिले हैं। वैज्ञानिकों ने इसे B.1.1.529 नाम दिया है। इसे वैरिएंट ऑफ सीरियस कंसर्न बताया है।
CM केजरीवाल की केंद्र सरकार से मांग
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने उन देशों से फ्लाइट पर रोक लगाने की मांग की है, जो कोरोना के नए वैरिएंट से प्रभावित हैं। CM केजरीवाल ने कहा कि बड़ी मुश्किल से हमारा देश कोरोना से उबर पाया है। हमें इस नए वैरिएंट को भारत में आने से रोकने के लिए हर संभव प्रयास करना चाहिए।
भारत ने भी उठाए सख्त कदम
हॉन्गकॉन्ग, बोत्सवाना और इजराइल से आने वाले यात्रियों की जांच के लिए सभी एयरपोर्ट्स को निर्देश दिए गए हैं। केंद्र सरकार ने राज्यों को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं। राज्यों से कहा गया है कि वे दक्षिण अफ्रीका, हॉन्गकॉन्ग, बोत्सवाना और इजराइल से आने वाले यात्रियों की अच्छी तरह से जांच करें। किसी भी तरह की लापरवाही न बरतें।
राज्यों और UTs को लिखे एक लेटर में हेल्थ सेक्रेटरी राजेश भूषण ने कहा- पॉजिटिव पाए जाने वाले सैंपल्स को तुरंत जीनोम सीक्वेंसिंग लैबोरेटरी में भेजा जाए। देश के नेशनल सेंटर फॉर डिजीज कंट्रोल ने भी इस वैरिएंट को लेकर आगाह किया है।
कितना खतरनाक है कोरोना का नया वैरिएंट?
कितना खतरनाक हो सकता है ओमिक्रोन, उसके लिए जरा ये आंकड़े देखिए कि कैसे 1 हफ्ते में ही कई सौ गुना मामले बढ़ गए. दक्षिण अफ्रीका में नए वैरिएंट के मामले 22 नवंबर को 314, 23 नवंबर को 868, 24 नवंबर को 1275, 25 नवंबर को 2465 और 26 नवंबर को 2828 रजिस्टर हुए.
कहां से आया नया वैरिएंट?
दक्षिण अफ्रीका के प्रिटोरिया में 23 नवंबर को कोरोना के नए वैरिएंट का पहला मामला मिला. एचआईवी एड्स से पीड़ित शख्स कोरोना के नए वैरिएंट से संक्रमित पाया गया था.



