धोनी के शहर में बजा इस विकेटकीपर-बल्लेबाज का डंका

एडम गिलक्रिस्ट, एमएस धोनी (MS Dhoni) और ऋषभ पंत (Rishabh Pant) उन विकेटकीपर की लिस्ट में शामिल हैं, जो अपनी तूफानी पारी के लिए जाने जाते हैं. इसी कड़ी में एक और विकेटकीपर का नाम जुड़ गया है. विजय हजारे ट्रॉफी में राजस्थान के विकेटकीपर बल्लेबाज मनेंदर सिंह (Manender Singh) ने तूफानी शतक बनाया. धोनी के शहर रांची (Dhoni’s Home town Ranchi) में असम के खिलाफ खेले मैच में उन्होंने 166 रन की धमाकेदार पारी खेली.
इस मैच में राजस्थान ने पहले बैटिंग करने का फैसला किया. राजस्थान के लिए पारी की शुरुआत अभिजीत तोमर और मनेंदर सिंह ने की. दोनों ने पहले विकेट के लिए अर्धशतकीय साझेदारी की. अभिजीत तोमर के आउट होने के बाद मनेंदर सिंह और महिपाल लोमरोर ने दोहरे शतक की साझेदारी की. दोनों ने दूसरे विकेट के लिए टीम के लिए 208 रन जोड़े. महिपाल लोमरोर शतक बना कर आउट हो गए.
मनेंदर सिंह ने 132 गेंदों का सामना करते हुए 166 रन की नाबाद पारी खेली. उन्होंने अपनी इस पारी में 11 चौके और 8 छक्के मारे यानी 92 रन उन्होंने सिर्फ 19 गेंदों पर बनाए. बता दें कि लिस्ट ए क्रिकेट में विकेटकीपर बल्लेबाज मनेंदर सिंह ने अपना चौथा शतक बनाया है. उन्होंने सिर्फ अभी तक 24 लिस्ट ए मैच खेलें हैं. इस दौरान उनका औसत 50 से ज्यादा का रहा है. ऐसे में अब फैंस उम्मीद कर रहे हैं कि आईपीएल की नीलामी में कोई उन्हें खरीद सकती है.जहां से वो टीम इंडिया में भी जगह बना सकते हैं.