धोनी के पास वापस आना चाहता है उनका ब्रह्मास्त्र

आईपीएल की नीलामी को लेकर अभी से फैंस काफी ज्यादा उत्साहित है. इस बार नीलामी में कई खिलाड़ी एक बार फिर से अपनी पुरानी टीम के पास वापस लौट सकते हैं. इसी कड़ी में एक नाम है आर अश्विन का. अश्विन पिछले कुछ सीजन में दिल्ली और पंजाब के लिए खेलते हुए नजर आये हैं. हालांकि उनको उम्मीद है कि एक बार फिर से वो धोनी की कप्तानी में खेल पाएंगे और चेन्नई की टीम में वापसी कर पाएंगे.
अपने यूट्यूब चैनल पर 40 शेड्स ऑफ ऐश कार्यक्रम के तहत एक फैन के सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि वो एक बार फिर से वो चेन्नई में वापसी करना पसंद करेंगे. इसके अलावा उन्होंने कहा कि चेन्नई की टीम उनके बेहद करीब है. फैन के सवाल का जवाब देते हुए अश्विन ने कहा, चेन्नई की टीम मेरे बेहद करीब है. वो मेरे लिए स्कूल जैसा है, जहां मैंने प्री केजी, एलकेजी, यूकेजी, प्राइमरी स्कूल में दाखिला लिया. फिर मैंने अपना मिडिल स्कूल भी वहीं किया. इसके बाद मैंने हाई स्कूल भी वहीं पास किया. हालांकि बोर्ड की परीक्षा में मैं एक अलग स्कूल में चला गया. मैंने अपनी 11वीं और 12वीं एक-दो साल बाहर की. इसके बाद मैंने जूनियर कॉलेज के कुछ साल किए. लेकिन सब कुछ पूरा करने के बाद जाहिर है कि किसी को घर आना होगा तो मैं भी घर वापस आना पसंद करूंगा, लेकिन यह सब आईपीएल नीलामी पर निर्भर करता है.
जानिए कैसा रहा है करियर
अगर अश्विन के चेन्नई की तरफ से किये गए प्रदर्शन की बात करें तो उन्होंने सीएसके लिए 2008 से लेकर 2015 के बीच 94 मैचों में 90 विकेट हासिल किए थे. वो पिछले चार साल से दिल्ली और पंजाब के लिए खेलते हुए दिखाई दिए हैं. इस बार दिल्ली की टीम ने उन्हें रिटेन नहीं किया है. ऐसे में उनके पास एक बार फिर से चेन्नई में वापसी का एक मौका होगा.