देश में कोरोना मरीजों का आंकड़ा 50 लाख के पार,नमें 3500 संक्रमित; यही रफ्तार रही तो अक्टूबर तक दुनिया में सबसे ज्यादा मरीज भारत में होंगे

देश में कोरोना मरीजों का आंकड़ा मंगलवार को 50 लाख के पार हो गया। अमेरिका के बाद भारत दूसरा ऐसा देश है, जहां 50 लाख से ज्यादा लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। यहां हर 10 लाख लोगों में 42 हजार लोगों की जांच हो रही है और इनमें 3500 लोग संक्रमित पाए जा रहे। संक्रमितों के बढ़ने की अगर यही रफ्तार रही तो अक्टूबर तक अमेरिका को पीछे छोड़ दुनिया में सबसे ज्यादा मरीज भारत में होंगे। यहां अभी हर रोज औसतन 90 हजार लोग संक्रमित पाए जा रहे हैं। इस हिसाब से 31 अक्टूबर तक 90 लाख मरीज और संक्रमण से मरने वालों की संख्या 95 हजार तक पहुंच सकती है। दिसंबर तक मरीजों की संख्या 1.50 करोड़ और मरने वालों की संख्या 1.84 लाख से ज्यादा हो सकती है।
39 लाख से ज्यादा लोग ठीक हुए, रिकवरी रेट 78% हुआ
शुक्र है 50 लाख संक्रमितों में से 39 लाख लोग ठीक हो चुके हैं। अभी 10 लाख संक्रमित ऐसे हैं जिनका इलाज चल रहा है। देश में संक्रमितों के ठीक होने की दर अब 78% से ज्यादा हो चुकी है। मतलब हर 100 मरीज में 78 लोग ठीक हो रहे हैं। अमेरिका में रिकवरी रेट 59.68% है। यहां हर 100 मरीजों में 59 लोग ठीक हो रहे हैं।
5.90 करोड़ से ज्यादा लोगों की जांच हुई, इनमें 8.47% संक्रमित मिले
30 जनवरी को पहला केस आने के 109 दिन बाद देश में संक्रमितों का आंकड़ा एक लाख पहुंचा था। बाकी 9 लाख मामले 69 दिन में मिले। फिर मरीजों का यह आंकड़ा 10 से 20 लाख होने में 21 दिन, 20 से 30 लाख होने में 16 दिन लगे। इस बार 30 से 40 लाख केस होने में 13 और 40 से 50 लाख संक्रमित मिलने में केवल 11 दिन लगे। अब तक देश में 5.90 करोड़ से ज्यादा लोगों की कोरोना टेस्टिंग हो चुकी है। इनमें 8.47% लोग संक्रमित पाए गए। वहीं, अमेरिका में 50 लाख मामले सबसे कम 199 दिन में बढ़ गए।
देश के 14 राज्यों में 5 हजार से कम एक्टिव केस
देश में सबसे ज्यादा 10.90 लाख मरीज महाराष्ट्र में है। यहीं सबसे ज्यादा 2.77% डेथ रेट भी है। वहीं, रिकवरी रेट के मामले में टॉप-7 सबसे संक्रमित राज्यों और केंद्र शासित राज्यों में तमिलनाडु सबसे आगे है। यहां 89.24% मरीज ठीक हो चुके हैं। देश के 14 राज्यों और केंद्र शासित राज्य ऐसे हैं जहां 5 हजार से कम एक्टिव केस हैं। इनमें पुडुचेरी, हिमाचल प्रदेश, गोवा जैसे राज्य शामिल हैं।