दक्षिण अफ्रीकी विकेटकीपर क्विंटन डिकॉक ने टेस्ट क्रिकेट को कहा अलविदा

दक्षिण अफ्रीका के विकेटकीपर बल्लेबाज क्विंटन डिकॉक ने टेस्ट क्रिकेट से संन्यास ले लिया है। उनका यह फैसला चौंकाने वाला है, क्योंकि वह गुरुवार को भारत के खिलाफ खेलने वाली टीम में शामिल थे। भारत ने सेंचुरियन में खेला गया यह टेस्ट 113 रन से जीता था। इस टेस्ट के बाद डिकॉक दूसरे और तीसरे टेस्ट में पैटरनिटी लीव लेने वाले थे, लेकिन अचानक से उन्होंने संन्यास लेने का एलान किया। हालांकि, डिकॉक वनडे और टी-20 फॉर्मेट में खेलते रहेंगे।
डिकॉक ने संन्यास को लेकर क्या कहा?
डिकॉक ने अपने बयान में कहा- मैं अब अपने परिवार के साथ ज्यादा समय बिताना चाहता हूं। इसी वजह से टेस्ट से रिटायरमेंट लेने का फैसला लिया है। डिकॉक जल्द ही पिता बनने वाले हैं। उन्होंने कहा कि यह फैसला आसान नहीं था। मैंने इसके बारे में काफी सोचा है और अपने भविष्य का पूरी तरह से आंकलन किया।
परिवार को प्राथमिकता देना जरूरी: डिकॉक
डिकॉक ने कहा- मैंने यह सोचा कि मुझे अब किन चीजों को प्राथमिकता देनी है। साशा और मैंने अपने बच्चे और परिवार का सोचकर इस नतीजे पर पहुंचे। मेरा परिवार मेरे लिए सबकुछ है। मैं चाहता हूं कि मेरे पास अपने परिवार के लिए समय हो और मैं उनके साथ वह समय व्यतीत कर सकूं।
‘अपने लोगों के साथ समय व्यतीत करना चाहता हूं’
डिकॉक ने अपने बयान में कहा कि मुझे टेस्ट क्रिकेट पसंद है। मुझे अपने देश का प्रतिनिधित्व करना भी पसंद है। मैंने उतार-चढ़ाव, उत्सवों और यहां तक कि निराशाओं का भी आनंद लिया है, लेकिन अब मुझे कुछ ऐसा मिल गया है जो मुझे और भी अधिक पसंद है। जीवन में आप समय को छोड़कर लगभग सब कुछ खरीद सकते हैं, और अभी यह उन लोगों के साथ सही करने का समय है जो मेरे लिए सबसे ज्यादा मायने रखते हैं।
डिकॉक ने टीम को शुभकामनाएं दीं
उन्होंने कहा कि मैं इस अवसर पर उन सभी को धन्यवाद देना चाहता हूं जो शुरू से ही मेरी टेस्ट क्रिकेट की यात्रा का हिस्सा रहे हैं। मेरे कोचों, टीम के साथियों, विभिन्न प्रबंधन टीमों और मेरे परिवार और दोस्तों के समर्थन के बिना यहां तक नहीं पहुंच सकता था।



