खेल

तमिलनाडु के हाथ से फिसली विजय हजारे ट्रॉफी, सोशल मीडिया पर ट्रोल

नई दिल्ली. तमिलनाडु को विजय हजारे ट्रॉफी (Vijay Hazare Trophy) वनडे टूर्नामेंट के फाइनल में शिकस्त झेलनी पड़ी जिससे खिताब जीतने का उसका सपना भी टूट गया. उसे फाइनल में हिमाचल प्रदेश ने हराया. पूर्व चैंपियन तमिलनाडु के कप्तान विजय शंकर (Vijay Shankar) ने इस मुकाबले में 22 रन बनाए लेकिन कुछ फैसलों के चलते सोशल मीडिया पर उन्हें ट्रोल किया गया. हैरानी की बात रही कि विजय मुकाबले में नंबर-8 पर बल्लेबाजी को उतरे.

तमिलनाडु ने 314 रन बनाए. उसके लिए अनुभवी विकेटकीपर बल्लेबाज दिनेश कार्तिक (Dinesh Karthik) ने 116 रन की शतकीय पारी खेली. उनके अलावा बाबा अपराजित ने 71 गेंदों पर 8 चौकों और 1 छक्के की मदद से 80 रन बनाए. हिमाचल प्रदेश को जीत के लिए 315 रन का टारगेट मिला था. इसका पीछा करते हुए उसने 47.3 ओवर में 4 विकेट खोकर 299 रन बना लिए थे लेकिन इसी स्कोर पर खराब रोशनी की वजह से अंपायर ने खेल सस्पेंड कर दिया और बाद में हिमाचल प्रदेश को विजेता घोषित कर दिया. हिमाचल प्रदेश के ओपनर शुभम अरोड़ा ने 136 रन की पारी खेली. उनके अलावा अमित कुमार ने भी 74 रन बनाए.

विजय शंकर ने इस मुकाबले में कुछ हैरान करने वाले फैसले लिए. सबसे पहले तो उन्होंने टीम में क्रम को पूरी तरह बदला. उन्होंने साई किशोर और मुरुगन अश्विन को ऊपर भेजा. दिनेश कार्तिक 5वें नंबर पर उतरे और तो और विजय शंकर 8वें नंबर पर बल्लेबाजी को आए. शाहरुख खान को भी उन्होंने खुद से ऊपर भेजा. हालांकि बाबा इंद्रजीत और दिनेश कार्तिक के अच्छे प्रदर्शन की बदौलत टीम 300 का स्कोर पार करने में कामयाब रही.

इसके बाद फील्डिंग में भी पॉजिशन को लेकर उन पर सवाल उठे. इतना ही नहीं, उन्होंने रन आउट करने का एक मौका भी गंवाया जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया. शुभम अरोड़ा को रन आउट करने का मौका विजय शंकर ने गंवाया जो बाद में महंगा पड़ा. शुभम को ही मैन ऑफ द मैच चुना गया.

ख़बर शेयर करें:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button