छत्तीसगढ़ में दो कैबिनेट मंत्री आइसोलेशन में, ड्राइवर को हुआ कोरोना,पढ़ें पूरी खबर RGHNEWS के साथ

रायपुर. छत्तीसगढ़ में कोरोना वायरस महामारी का संक्रमण कम होने का नाम नहीं ले रहा है. अलबत्ता कोरोना ने अब सियासी गलियारों में दस्तक दे दी है. इस महामारी की वजह से अभी तक प्रदेश के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल सहित 4 मंत्री आइसोलेशन में जा चुके हैं. सोमवार को प्रदेश के गृह मंत्री ताम्रध्वज साहू और संसदीय कार्यमंत्री रविंद्र चौबे ने खुद को आइसोलेट कर लिया. गृह मंत्री ताम्रध्वज साहू ने खुद ट्वीट कर इसकी सूचना दी कि उनका ड्राइवर और सुरक्षाकर्मी कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं, इसलिए वे 7 दिनों के लिए आइसोलेशन में जा रहे हैं. उधर, संसदीय कार्यमंत्री ने भी खुद को 8 दिनों के लिए आइसोलेट कर लिया है.
गौरतलब है कि प्रदेश के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भी बीते दिनों अपने ओएसडी और पीएसओ के कोरोना पॉजिटिव पाए जाने के बाद खुद को 4 दिन के लिए आइसोलेट कर लिया था. सीएम बघेल ने सोशल मीडिया के जरिए यह जानकारी दी थी. उन्होंने इस बाबत ट्वीट करते हुए कहा था, ‘मेरे ओएसडी और पीएसओ कोरोना पॉज़िटिव पाए गए हैं. मेरी रिपोर्ट इस समय निगेटिव है लेकिन मैं एहतियातन अगले चार दिन आइसोलेशन में रहूंगा. संकट का समय है कृपया सभी लोग सावधानी बरतते रहें.’ इसके बाद आज प्रदेश के गृह मंत्री ने भी खुद को आइसोलेट किए जाने की जानकारी दी.



