छत्तीसगढ़ के इस जिले में कड़ाके की ठंड, कलेक्टर ने दिए अलाव जलाने के निर्देश..

Severe cold in this district : सरगुजा जिले में बढ़े ठंड के प्रकोप के देखते हुए कलेक्टर कुंदन कुमार ने निकाय क्षेत्रों के साथ ही सभी मुख्य नगर पालिका अधिकारी और जनपद पंचायत मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को चौक-चौराहों और आबादी वाले स्थलों पर अलाव जलाने के निर्देश दिए हैं। कलेक्टर के निर्देश के बाद अंबिकापुर नगर निगम क्षेत्र में कई स्थानों पर अलाव जलने लगे हैं। सरगुजा संभाग में ठंड का प्रकोप आगामी दिनों में और बढने के संकेत हैं।
उत्तरी सर्द हवाओं के कारण सरगुजा संभाग में कड़ाके की ठंड पड़़ रही है। यहां तीन दिनों से न्यूनतम तापमान 6 डिग्री के आसपास बना हुआ है। रविवार को अंबिकापुर का न्यूनतम तापमान 6.3 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं मैनपाट में न्यूनतम तापमान 4 डिग्री दर्ज किया गया है। संभाग के पाट क्षेत्रों में न्यूनतम तापमान 4 डिग्री से नीचे है। कड़ाके की ठंड के कारण जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया है।
सार्वजनिक स्थलों पर जलेंगे अलाव
कलेक्टर कुंदन कुमार ने निकाय क्षेत्रों के साथ ही पंचायतों में भी सार्वजनिक स्थानों पर अलाव जलाने के निर्देश दिए हैं। कलेक्टर ने कहा है कि जिले में पिछले कुछ दिनों से लगातार तापमान गिर रहा है जिसके चलते शीतलहर का प्रकोप जारी है।
आने वाले दिनों में इसमें और अधिक गिरावट होने की आशंका जताई जा रही है। कलेक्टर ने नगरीय निकाय, ग्राम पंचायत, बड़े कसबे और आबादी वाले स्थान जैसे बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन, चौक चौराहों पर अलाव की व्यवस्था तत्काल करने का निर्देश दिया है।
Read more: शिव जी की कृपा से वृषभ, मिथुन और कुंभ राशि वालों के लिए खास रहेगा दिन, हो सकता है धन लाभ…
निगम क्षेत्र में जलाए गए अलाव
कलेक्टर के निर्देश के बाद नगर निगम क्षेत्र अंबिकापुर के गांधी चौक, नए बस स्टैंड, मेडिकल कॉलेज हास्पिटल सहित अन्य स्थानों पर रविवार को अलाव जला दिए गए हैं। निगम द्वारा अन्य स्थानों पर भी अलाव जलाने की व्यवस्था की जा रही है। कड़ाके की ठंड के कारण शाम ढलते ही लोगों का घरों से निकलना भी मुश्किल हो रहा है।
मौसम साफ, गिरेगा तापमान
Severe cold in this district : मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ का असर समाप्त होने के बाद मौसम साफ हो गया है। मौसम साफ होने के कारण तापमान में और गिरावट आने की आशंका है। सरगुजा संभाग के मैदानी एवं पाट दोनों क्षेत्रों में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। पाट क्षेत्रों में लगातार पाला भी पड़ रहा है।



