कोहली के टी20 कप्तानी छोड़ने पर ICC ने ऐसे किया रिएक्ट,विदाई मैच में ये बोले कोहली

दुबई: टीम इंडिया का टी20 वर्ल्ड कप 2021 में सफर सेमीफाइनल से पहले ही खत्म हो गया. सोमवार को भारत का आखिरी लीग मैच नामीबिया के खिलाफ था, जिसमें भारत ने 9 विकेट से जीत दर्ज की थी. ये मैच विराट कोहली की टी20 कप्तानी का आखिरी मैच था. विराट कोहली ने टी20 फॉर्मेट में भारत की कप्तानी छोड़ दी है. विराट कोहली के टी20 कप्तानी छोड़ने पर क्रिकेट की सबसे बड़ी संस्था इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) भी इमोशनल हो गया. सोशल मीडिया पर ICC ने विराट कोहली के लिए ऐसा काम किया, जिसे कोई भी भारतीय फैन नहीं भूल पाएगा.
कोहली को लेकर ICC ने ऐसे किया रिएक्ट
दरअसल, इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) ने बतौर टी20 कप्तान विराट कोहली के आखिरी मैच की फोटो अपने ट्विटर अकाउंट के कवर पेज पर लगाई है. ICC ने ऐसा विराट कोहली को सम्मान देने के लिए किया है, जिसे देख भारतीय फैंस को भी काफी गर्व महसूस होगा. बता दें कि विराट कोहली पहले ही ऐलान कर चुके थे कि वह टी20 वर्ल्ड कप के बाद टी20 फॉर्मेट की कप्तानी छोड़ देंगे.
ये खिलाड़ी बनेगा टीम इंडिया का नया कप्तान
विराट कोहली ने खुलासा किया कि उनके बाद टीम इंडिया की टी20 कप्तानी किसे मिलेगी. विराट कोहली ने इस पद के लिए रोहित के नाम के संकेत दिए हैं. विराट ने कहा, ‘टीम ने जिस तरह से खेला है, उस पर मुझे बहुत गर्व है. अब मुझे लगता है कि इस टीम को आगे बढ़ाने के लिए दूसरों को जिम्मेदारी देने का समय आ गया है. जाहिर तौर पर रोहित यहां हैं और वह कुछ समय से चीजों को देख रहे हैं.’ विराट ने जिस तरह रोहित का नाम लिया उससे अब ये बात साफ हो गई है कि रोहित ही इस टीम के नए कप्तान होने वाले हैं.
विदाई मैच में ये बोले कोहली
टी20 कप्तानी छोड़ने के बाद विराट कोहली खुद को नहीं रोक पाए और उन्होंने सरेआम अपने बारे में और टीम इंडिया को लेकर काफी कुछ खुलासा किया. कप्तानी छोड़ने के बाद विराट कोहली ने कहा, ‘मेरे लिए यह (टीम का नेतृत्व करना) सम्मान की बात है, मुझे मौका दिया गया और मैंने अपना सर्वश्रेष्ठ करने की कोशिश की. लेकिन यह दूसरों के लिए जगह बनाने और आगे बढ़ने के बारे में है. अब मैं बहुत राहत महसूस कर रहा हूं. पिछले 6 से 7 साल में जब भी मैंने मैदान में कदम रखा तो कड़ा क्रिकेट खेला, जिसका शरीर पर काफी असर पड़ता है.’
इमोशनल हुए रवि शास्त्री
अपनी विदाई स्पीच में शास्त्री ने ड्रेसिंग रूम में कहा- एक टीम के तौर पर आपने अपेक्षा से ज्यादा हासिल किया है। पिछले पांच साल में पूरी दुनिया में जाकर हर फॉर्मेट में आपने टीमों को हराया है। ये क्रिकेट इतिहास की सबसे बढ़िया टीम गिनी जाएगी, क्योंकि हर किसी के सामने देखने के लिए रिजल्ट हैं।
उन्होंने आगे कहा- हां, आखिरी टूर्नामेंट अच्छा नहीं रहा। हम एक-दो ICC ट्रॉफी जीत सकते थे, लेकिन ऐसा नहीं हुआ, लेकिन यही खेल है, आपको फिर मौका मिलेगा, अब अनुभव के साथ आगे जाएंगे। जिंदगी में सिर्फ वही सब कुछ नहीं है जो आपने हासिल किया, ये भी मायने रखता है कि आप कहां से आए हैं। रवि शास्त्री ने अंत में कहा- ये टीम हर चुनौती को स्वीकार कर सकती है, यही इसकी सबसे बड़ी खासियत है।
2017 में बने थे टीम इंडिया के कोच
रवि शास्त्री साल 2017 में टीम इंडिया के हेड कोच बने थे। उनकी कोचिंग में भारतीय टीम ने 2019 के वनडे वर्ल्ड कप में सेमीफाइनल और 2021 के वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप में फाइनल तक का सफर तय किया था। शास्त्री के कार्यकाल में टीम इंडिया ने लगातार दो बार ऑस्ट्रेलिया की सरजमीं पर टेस्ट जीतने का रिकॉर्ड बनाया।


