कोलकाता ने हैदराबाद को 7 विकेट से हराया... कोलकाता ने दर्ज की पहली जीत, सनराइजर्स हैदराबाद की लगातार दूसरी हार... – RGH NEWS
खेल

कोलकाता ने हैदराबाद को 7 विकेट से हराया… कोलकाता ने दर्ज की पहली जीत, सनराइजर्स हैदराबाद की लगातार दूसरी हार…

नई दिल्ली. इंडियन प्रीमियर लीग के 8वें मैच में कोलकाता नाइट राइडर्स ने सनराइजर्स हैदराबाद को 7 विकेट से हरा दिया. कोलकाता ने 13वें सीजन में अपनी पहली जीत दर्ज की. वहीं सनराइजर्स हैदराबाद ने अपने दोनों मैच गंवा दिये हैं. कोलकाता को महज 143 रनों का लक्ष्य मिला था, जिसे उसने 18 ओवर में महज 3 विकेट खोकर हासिल कर लिया. शुभमन गिल ने नाबाद 70 रनों की पारी खेली, वहीं मॉर्गन ने 29 गेंदों पर 42 रन बनाए. चौथे विकेट के लिए मॉर्गन और गिल ने 92 रनों की अजेय साझेदारी की, नतीजा सनराइजर्स हैदराबाद मुकाबला हार गई.

गेंदबाजों ने रखी कोलकाता की जीत की नींव
इससे पहले कोलकाता नाइट राइडर्स के गेंदबाजों ने पैट कमिंस की अगुवाई में शानदार प्रदर्शन करते हुए सनराइजर्स हैदराबाद को चार विकेट पर 142 रन पर रोक दिया . मुंबई इंडियंस के खिलाफ शॉर्ट गेंदबाजी के लिये आलोचना झेलने वाले आईपीएल के सबसे महंगे विदेशी खिलाड़ी कमिंस ने चार ओवर में 19 रन देकर एक विकेट लिया . वहीं स्पिनर वरुण चक्रवर्ती ने 25 रन देकर डेविड वॉर्नर का बेशकीमती विकेट चटकाया .

हैदराबाद ने इस सीजन में सबसे छोटा टारगेट दिया
इससे पहले टॉस जीतकर बल्लेबाजी करते हुए हैदराबाद ने 4 विकेट पर 142 रन बनाए थे। यह इस सीजन का सबसे छोटा टारगेट है। इससे पहले टूर्नामेंट के दूसरे मैच में दिल्ली कैपिटल्स ने किंग्स इलेवन पंजाब को 157 रन का लक्ष्य दिया था। दिल्ली ने यह मैच सुपर ओवर में जीता था।

हैदराबाद के मनीष पांडे (51) ने आईपीएल में अपनी 16वीं फिफ्टी लगाई। उनके अलावा कप्तान डेविड वॉर्नर ने 36, ऋद्धिमान साहा ने 30 रन की पारी खेली। जॉनी बेयरस्टो 5 रन ही बना सके। मोहम्मद नबी (11) और अभिषेक शर्मा (2) नॉट आउट रहे। वहीं केकेआर के गेंदबाजों ने शानदार गेंदबाजी की। पैट कमिंस, वरुण चक्रवर्ती और आंद्रे रसेल को 1-1 विकेट मिला।

सीजन में पहली बार टॉस जीतकर बल्लेबाजी चुनी
लीग के इस सीजन में पहली बार किसी कप्तान ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी चुनी। इससे पहले हैदराबाद के कप्तान वॉर्नर ने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी की थी, जिसमें बेंगलुरु 10 रन से जीता था।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button