कोरोना ने पसारे पांव, लगातार तीसरे दिन नए मरीजों की तादाद 1000 के पार – RGH NEWS
देश

कोरोना ने पसारे पांव, लगातार तीसरे दिन नए मरीजों की तादाद 1000 के पार

मुंबई. महाराष्ट्र में शनिवार को कोरोना वायरस संक्रमण के 1,357 नए मामले सामने आए और महामारी से एक व्यक्ति की मौत हो गई. राज्य के स्वास्थ्य विभाग ने यह जानकारी दी. एक दिन पहले राज्य में संक्रमण के 1,134 मामले सामने आए थे और तीन मरीजों की मौत हो गई थी. महाराष्ट्र में आज लगातार तीसरे दिन संक्रमण के एक हजार से अधिक मामले सामने आए हैं. राज्य में अभी कोविड-19 के 5,888 मरीज उपचाराधीन हैं.

स्वास्थ्य विभाग ने कहा कि अब तक संक्रमण के 78,91,703 मामले सामने आ चुके हैं और महामारी से 1,47,865 मरीजों की मौत हो चुकी है. कोविड से पीड़ित होने के बाद अब तक 77,37,950 लोग ठीक हो चुके हैं. संक्रमित होने के बाद लोगों के स्वस्थ्य होने की दर 98.05 प्रतिशत है, जबकि महामारी से होने वाली मौत की दर 1.87 प्रतिशत है. शनिवार को सामने आए 1,357 मामलों में से 889 मामले अकेले मुंबई से सामने आए. महामारी से एक मरीज की मौत भी मुंबई में हुई.

एक दिन पहले ही कोरोनो वायरस मामलों में लगातार वृद्धि के बीच, बृह्नमुंबई महानगर पालिका (बीएमसी) के आयुक्त इकबाल चहल ने शुक्रवार को निकाय अधिकारियों को उन आवासीय इमारतों में बड़े पैमाने पर जांच करने का निर्देश दिया, जहां हाल ही में संक्रमण के मामले पाए गए हैं. उन्होंने अधिकारियों से कहा कि दैनिक कोविड-19 परीक्षणों की संख्या को मौजूदा आठ हजार परीक्षणों से बढ़ाकर 30,000 से अधिक किया जाना चाहिए, क्योंकि संक्रमण की दर आठ प्रतिशत तक पहुंच गई है जो एक चेतावनी संकेत है.

बीएमसी द्वारा जारी एक विज्ञप्ति में कहा गया है कि चहल ने पहले दिन में महाराष्ट्र सरकार के कोविड कार्यबल के सदस्य डॉ. संजय ओका के साथ निकाय अधिकारियों के साथ एक वीडियो कॉन्फ्रेंस की. विज्ञप्ति में निकाय प्रमुख को उद्धृत करते हुए कहा गया, “आईआईटी-कानपुर के विशेषज्ञों ने भविष्यवाणी की है कि जुलाई में कोविड-19 की चौथी लहर आएगी और उनकी चेतावनी को गंभीरता से लिया जाना चाहिए, क्योंकि पिछली लहरों के बारे में उनकी भविष्यवाणी सच थी. मामलों में हालिया वृद्धि को देखते हुए, चौथी लहर की आशंका से इंकार नहीं किया जा सकता है.”

बीएमसी ने आयुक्त ने निकाय अधिकारियों से यह सुनिश्चित करने के लिए भी कहा कि चिकित्सा प्रयोगशालाएं किसी भी मरीज को सीधे कोविड-19 रिपोर्ट न दें. उन्होंने कहा कि मरीजों की संक्रमण की सभी दैनिक रिपोर्ट पहले नगर निकाय को भेजी जानी चाहिए और यदि इस नियम का उल्लंघन किया जाता है तो परीक्षण केंद्रों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.

Related Articles

Back to top button