कप्तानी पर सच निकली धोनी की भविष्यवाणी?

विराट कोहली ने टेस्ट टीम की कप्तानी से इस्तीफा दे दिया है. साउथ अफ्रीका में खत्म हुई टेस्ट सीरीज़ के तुरंत बाद विराट कोहली का ये फैसला सामने आया, जिसने क्रिकेट जगत को हैरान-परेशान कर दिया. जब से विराट को लेकर ये बात सामने आई है, तब से ही सोशल मीडिया पर पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी का एक बयान वायरल हो रहा है.
साल 2017 में एमएस धोनी ने जब वनडे-टी 20 फॉर्मेट की कप्तानी छोड़ी थी, उसके बाद मीडिया से बात करते हुए उन्होंने कहा था कि भारत में अलग-अलग फॉर्मेट की कप्तानी का फॉर्मूला काम नहीं करता है. एमएस धोनी का यही बयान अब तेज़ी से वायरल हो रहा है और लोग इसे उनकी सटीक भविष्यवाणी बता रहे हैं.
क्या है धोनी के उस बयान में?
अलग-अलग कप्तानी को लेकर एमएस धोनी का जो बयान वायरल हो रहा है, उसमें वह विराट को बेटन थमाने के बाद फैसले को समझा रहे हैं. 2017 में वनडे-टी 20 की कप्तानी छोड़ने के बाद एमएस धोनी ने कहा, ‘मैंने बीसीसीआई को बताया कि मैं कप्तानी छोड़ रहा हूं. मेरे हिसाब से हमारे यहां अलग-अलग कप्तानी का फॉर्मेट काम नहीं करता है, मैं शुरुआत से ही इसका समर्थन करता रहा हूं’.
आगे एमएस धोनी बोले, ‘क्योंकि मैं टेस्ट क्रिकेट ही छोड़ चुका हूं, इसलिए मैं टेस्ट कप्तानी नहीं कर सकता. लेकिन मेरे दिमाग में यही था कि विराट पहले सेटल हो जाए, उसके बाद सही समय पर मैं ये भी छोड़ दूं. मुझे लगता है कि यही विराट को सारी जिम्मेदारी देने का सही वक्त था.’
महेंद्र सिंह धोनी ने 2014 टेस्ट क्रिकेट को अलविदा कह दिया था, ऐसे में विराट कोहली को तभी टेस्ट टीम की कमान मिल गई थी. लेकिन एमएस धोनी ने वनडे और टी-20 की कप्तानी 2017 में छोड़ी थी, तब विराट कप्तान बने थे और 2019 वर्ल्डकप से पहले उनके पास दो साल थे.
When I see other boards get problem with captains I fee that these kind of issues not came in India yet then I am very happy about it. But now it is totally changed. Mahi bahi said that "Split captaincy doesn't work in India" many years ago.#MSDhoni #ViratKohli #RohitSharma pic.twitter.com/B1Npm3yYpf
— Rudhra Nandu (@rudhranandu) January 16, 2022
टेस्ट के भी कप्तान बनेंगे रोहित?
बता दें कि विराट कोहली ने भी तब टेस्ट की कप्तानी छोड़ी है, जब वह अब टी-20, वनडे के कप्तान नहीं रहे हैं. टी-20 वर्ल्डकप के बाद उन्होंने टी-20 की कप्तानी छोड़ी, बाद में उनसे वनडे टीम की कप्तानी वापस ले ली गई. अब वह टेस्ट फॉर्मेट में भी कप्तान नहीं हैं.



