एबी डिविलियर्स के संन्यास से टूटा जिगरी दोस्त का दिल,विराट को बोला शुक्रिया,भारत को लेकर कही ये बड़ी बात

नई दिल्ली. 37 साल के एबी डिविलियर्स ने सोशल मीडिया पर लंबा-चौड़ा मैसेज पोस्ट कर हर तरह के क्रिकेट से संन्यास (AB De Villiers Retirement) का ऐलान कर दिया. डिविलियर्स ने जितना अपने खेल से लोगों का दिल जीता, उतना ही अपने दोस्ताना रवैये से लोगों के दिलों में जगह बनाई. उन्होंने विरोधी टीमों के गेंदबाजों की जमकर खबर ली. इसके बावजूद विपक्षी टीमों में भी उनके चाहने वालों की लंबी फेहरिस्त है. ऐसे ही उनके खास दोस्त और फैन हैं भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान विराट कोहली (Virat Kohli). डिविलियर्स और कोहली की दोस्ती जगजाहिर है. दोनों लंबे वक्त से आईपीएल फ्रेंचाइजी रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर (RCB) के लिए खेल रहे हैं. इसलिए क्रिकेट के ‘मिस्टर 360 डिग्री’ के खेल को अलविदा कहने से कोहली भी आहत नजर आए.
विराट ने अपने जिगरी दोस्त डिविलियर्स के संन्यास पर ट्वीट किया, “मेरे लिए यह दिल तोड़ने वाली खबर है. लेकिन मैं जानता हूं कि आपने हमेशा की तरह अपने और परिवार के लिए सबसे अच्छा निर्णय लिया है. मैं हमेशा आप से प्यार करता रहूंगा. हमारे समय के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी और सबसे प्रेरणादायक व्यक्ति जिनसे मैं मिला हूं. मेरे भाई आपने जो क्रिकेट और आरसीबी के लिए किया है, उस पर आपको वाकई गर्व होना चाहिए. हमारा रिश्ता खेल से परे है और हमेशा ऐसा ही रहेगा.”
मैं हमेशा आपका नंबर-1 फैन रहूंगा: कोहली
कोहली ने आगे लिखा, “आपने (डिविलियर्स) आरसीबी को अपना सबकुछ दिया है. मुझे यह पता है. आप आरसीबी और मेरे लिए क्या मायने रखते हो इसे शब्दों में बयां नहीं कर सकता. चिन्नास्वामी स्टेडियम आपकी हौसला अफजाई करने की कमी महसूस करेगा और मुझे आपके साथ अब नहीं खेल पाने की कमी महसूस होगी. मैं आपसे प्यार करता हूं और हमेशा आपका नंबर-1 फैन रहूंगा. ग्रेटेस्ट ऑफ ऑल टाइम एबी डिविलियर्स.”
विराट के इस भावुक पोस्ट पर डिविलियर्स ने भी जबाव दिया, उन्होंने लिखा-आपको भी प्यार, मेरे भाई.
मैंने काफी सोचने के बाद संन्यास लिया: एबी डिविलियर्स
डिविलियर्स ने हर तरह के क्रिकेट से संन्यास लिया है. इसका मतलब साफ है कि वो अगले साल आईपीएल भी नहीं खेलेंगे. उन्होंने संन्यास के ऐलान के बाद रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर की पूरी टीम और विराट कोहली को भी शुक्रिया कहा. उन्होंने लिखा, ”आरसीबी के लिए खेलते हुए मैंने लंबा समय बिताया है. इस साल मैंने फ्रेंचाइजी के लिए 11 साल पूरे किए हैं और अब लड़कों को छोड़ना बहुत दुखदाई है. बेशक, इस फैसले पर पहुंचने के लिए बहुत समय लगा, लेकिन काफी सोचने और समझने के बाद मैंने संन्यास लेने और अपने परिवार के साथ वक्त बिताने का फैसला किया है.”
यह मेरे लिए भावुक क्षण
“मैंने जितने भी साल क्रिकेट खेला उनको लेकर मिली जुली प्रतिक्रिया है। पिछले कुछ महीनों में चीजे बहुत तेजी से बदली है और यह बात मेरे अंदर काफी दिनों से ही चल रही थी। आखिकार मैंने यह फैसला कर लिया, अब मुझे इस सच को स्वीकार करते हुए संन्यास ले लेना चाहिए।”
आरसीबी ने जीवन बदला, सदा इस टीम के साथ रहूंगा
“मैं इस बात को जानता हूं कि कहीं और नहीं जाने वाला, पूरी जिंदगी आरसीबी के साथ ही रहे वाला हूं। हर एक शख्स जो आरसीबी से जुड़ा हुआ है वो मेरे लिए परिवार जैसा हो गया है। अब मुझे इस टीम के साथ काफी वक्त हो चुका है, कुछ लोग आए और कुछ चले गए। लेकिन आरसीबी की टीम का जोश, प्यार और लगाव वैसा ही रहा। इतने सारों में मुझे अनुभव बहुत ही कमाल रहा। यह बात सही है कि हमने कोई ट्राफी नहीं जीती लेकिन यकीन रखता हूं कि भविष्य में हम कई सारी ट्राफी जीतेंगे।”
विराट को साथ मिलकर भविष्य के टीम की योजना बनाउंगा
“उम्मीद करता हूं, अब यह मेरे लिए कही वक्त है कि विराट कोहली और बाकी खिलाड़ियों के साथ बैठकर इस बात को तय करें कि भविष्य में टीम को कैसा बनाना है। एक ऐसी माहौल तैयार करें इस टीम को लिए जो कई ट्राफी भविष्य में टीम को दिलाए। मैं उम्मीद करता हूं कि इस चीज का मैं हिस्सा रहूंगा।”
“आरसीबी ने मेरी जिंदगी बदली, मुझे लगता है कि मैं आधा भारतीय बन चुका हूं और मुझे इस बात का बेहद गर्व है। मैंने अपने जीवन की यात्रा के हर एक पल का आनंद उठाया। और मुझे भारत के साथ प्यार हो गया। जैसा मैंने कहा मैं आधा भारतीय बन चुका हूं, भले ही साउथ अफ्रीका में रहता हूं लेकिन भारत मेरे दिल में बसता है। मैं अपने संन्यास की घोषणा यहां पर कर रहा हूं लेकिन अपने आगे के जीवन के कई साल क्रिकेट को देना चाहता हूं।”

