आज से खुले 10वीं और 12वीं के स्कूल…सरकार की इन गाइडलाइन्स का पालन जरूरी….

RGHNEWS नई दिल्लीः राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में आज से सिर्फ 10वीं और 12वीं कक्षाओं के स्कूलों को खोलने की अनुमति मिल गई है. दिल्ली सरकार ने सर्कुलर जारी कर कहा है कि सरकारी और निजी स्कूल दसवीं और बारहवीं कक्षा के बच्चों को बुला सकते हैं. ये फैसला मई में होने वाली बोर्ड की अहम परीक्षाओं और मौजूदा वक्त में स्कूलों में चल रहे प्री बोर्ड की तैयारियों के मद्देनजर लिया गया है. हालांकि दोबारा खोले जाने पर स्कूलों को कई बातों का खास ध्यान और सावधानी बरतनी होगी.
सरकार की गाइडलाइन्स पालन करने का निर्देश
दिल्ली में 10 महीने बाद स्कूलों को दोबारा खोला जा रहा है. ऐसे में मौजूदा हालात को देखते हुए स्कूल भेजने से पहले माता पिता को सहमति फॉर्म पर अपने हस्ताक्षर यानि हामि भरनी होगी. उसके बाद ही छात्रों को स्कूल आने की अनुमति होगी, साथ ही स्कूल आना अनिवार्य नहीं होगा क्योंकि दिशा निर्देशों के अनुसार स्कूल आ रहे छात्रों का रिकॉर्ड जमा किया जाएगा लेकिन हाजिरी नहीं होगी. सरकार ने स्पष्ट किया है कि कंटेनमेंट ज़ोन के छात्रों को स्कूल आने की अनुमति नहीं है.
छात्रों को अपने सहपाठियों से कापी, किताब व अन्य सामग्री साझा नहीं करनी होगी. स्कूलों में प्रार्थना सभा और अन्य गतिविधियों का आयोजन भी प्रतिबंधित होगा. शालीमार बाग में मॉडर्न पब्लिक स्कूल की प्रिंसिपल अलका कपूर कहती हैं “हमने जुलाई से ही स्कूल में कोरोना वायरस को मद्देनजर रखते हुए सभी तैयारियां पहले से कर ली हैं, तकनीक का इस्तेमाल करते हुए स्कूल को मॉडिफाई किया गया है, अब खुशी है कि लंबे समय बाद छात्र छात्राएं स्कूल आएंगे.”
कुछ स्कूल सोमवार को, कुछ सप्ताह के अंत में खुलेंगे
कुछ स्कूल सोमवार को खुल गए तो कुछ ने तैयारी करने के लिए सप्ताह के अंत में स्कूल खोलने का फैसला किया है। सोमवार के लिए स्कूलों ने दो दिन पहले से ही अपनी तैयारी शुरू कर दी थी। स्कूलों में प्रार्थना सभा(असबेंली नहीं होगी) नहीं होगी, ना ही बच्चों के खाने के लिए कैंटीन खोली जाएगी। ना ही स्कूलों ने बच्चों को परिवहन की सुविधा दी है। बच्चों को खुद ही स्कूल पहुंचना होगा।