रायगढ़ न्यूज़ (समाचार)

अखिल भारतीय शास्त्रीय गायन में पूरे देश में द्वितीय स्थान हासिल कर ‘खरसिया की माटी’ का मान बढ़ाने वाले ‘मास्टर चिराग’ को उच्च शिक्षा मंत्री उमेश पटेल ने दी शुभकामनाएं

Raigarh News रायगढ़, 01 जून। जिले के खरसिया विधानसभा स्थित मदनपुर निवासी संगीत शिक्षक एवं शास्त्रीय संगीत गायक रामप्रसाद सारथी के पोते, आलोक इंटरनेशनल स्कूल रजघट्टा के संगीत शिक्षक घनश्याम सारथी के पुत्र 12 साल के चिराग सारथी ने पुणे में अखिल भारतीय सांस्कृतिक संघ द्वारा आयोजित शास्त्रीय गायन प्रतियोगिता में द्वितीय वरीयता हासिल कर खरसिया नगर समेत पूरे जिले व प्रदेश का राष्ट्रीय पटल पर गौरव बढ़ाया है।

मास्टर चिराग की इस चमकीली सफलता से पूरे खरसिया नगर एवं छत्तीसगढ़ के सारथी समाज में खुशी का माहौल है। लोग मास्टर चिराग को दिल खोलकर शुभकामना दे रहे हैं। इसी कड़ी में मास्टर चिराग सारथी की सफलता पर छत्तीसगढ़ प्रदेश के उच्च शिक्षा, कौशल विकास, तकनीकी शिक्षा एवं रोजगार, विज्ञान और प्रौद्योगिकी, खेल और युवा कल्याण मंत्री एवं खरसिया विधायक उमेश पटेल ने खरसिया के माटी समेत रायगढ़ जिले को गौरवान्वित करने वाले मास्टर चिराग सारथी को अपनी शुभकामनाएं दी है।

श्री पटेल ने मास्टर चिराग पर गर्वित होते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। साथ ही चिराग के अभिभावकों व गुरुजनों को भी बधाई देते हुए प्रदेश के अभिभावकों से अपील की है कि वे भी अपने बच्चों को शिक्षा के साथ-साथ संगीत एवं कला की शिक्षा के लिए प्रेरित करें ताकि वे भी कामयाबी के शिखर पर पहुंचे और अपनी माटी का मान बढ़ा सकें।

ख़बर शेयर करें:

Back to top button