रायगढ़। (RGH NEWS ) नक्सलियों के शुरू हो रहे शहीदी सप्ताह के एक दिन पहले जिला बल, डिस्ट्रिक्ट रिजर्व गार्ड (डीआरजी) और स्पेशल टॉस्क फोर्स (एसटीएफ) की संयुक्त फोर्स ने शनिवार शाम करीब साढ़े पांच बजे नगरनार थाना क्षेत्र के माचकोट जंगल में हुई मुठभेड़ में 7 नक्सलियों को मार गिराया। इनमें 3 महिला व 4 पुरुष हैं।
घटनास्थल से सातों नक्सलियों के शव, एक इंसास रायफल, 4 थ्री नाट थ्री रायफल और एक भरमार बंदूक बरामद किया गया है। मुख्यालय पहुंचने के बाद ही मारे गए नक्सलियों की शिनाख्त हो पाएगी। आईजी बस्तर विवेकानंद सिन्हा ने घटना की पुष्टि की है।
मिली जानकारी के अनुसार संभाग मुख्यालय से करीब 40 किमी दूर ओडिशा सीमा से लगे तिरिया के माचकोट जंगल में शनिवार को नक्सलियों की मौजूदगी की सूचना मिलने पर डीआरजी व जिला बल की संयुक्त टीम नगरनार थाने से सर्च ऑपरेशन पर रवाना हुई थी।
ग्राम तिरिया से करीब चार किलोमीटर दूर जंगल में जैसे ही टीम घुसी, घात लगाए नक्सलियों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवानों ने भी फौरन मोर्चा संभाल लिया। दोनों ओर से करीब आधे घंटे तक फायरिंग चलती रही। इसके बाद खुद को कमजोर पड़ता देख नक्सली भाग खड़े हुए। मौके की सर्चिंग करने पर सात नक्सलियों के शव बरामद हुए हैं।
बताया जा रहा है कि मौके पर 150 से अधिक नक्सली मौजूद थे। वे स्वचलित हथियारों से लगातार फायरिंग कर रहे थे। नक्सलियों को मात देने के लिए जवानों ने यूबीजीएल भी दागे। मौके पर मिले खून के धब्बों और परिस्थितिजन्य साक्ष्यों के आधार पर पुलिस एक दर्जन से अधिक नक्सलियों के मारे जाने का दावा कर रही है।
स्वचलित हथियार की बरामदगी के आधार पर मारे गए नक्सलियों में बड़े कैडर के सदस्य के शामिल होने की संभावना जताई जा रही है। बता दें कि माचकोट फारेस्ट रेंज के तहत आने वाला तिरिया घना वन्य ग्राम है। यहां पर दरभा डिवीजन कमेटी और मलांगीर एरिया कमेटी के नक्सलियों का मौजूदगी पहले से देखी जा रही थी। लेकिन इस इलाके में मुठभेड़ पहली बार हुई और बड़ी कामयाबी मिली है।
ये बड़ी सफलता है
जवानों ने टिरिया के जंगल में 7 नक्सलियों को मार गिराया है। यह बड़ी सफलता है। बॉडी ला रहे हैं। यहां पहुंचने के बाद उनकी शिनाख्त की जाएगी – विवेकानंद सिन्हा, आईजी बस्तर