YouTube vs Instagram: YouTube या Instagram? जानिए कहां ज्यादा पैसे कमाते हैं क्रिएटर्स, यहां मिलेगा सही जवाब

YouTube vs Instagram एक समय था जब सोशल मीडिया को सिर्फ मनोरंजन का साधन माना जाता था, लेकिन आज यही प्लेटफॉर्म लाखों-करोड़ों रुपये कमाने का बड़ा जरिया बन चुके हैं. मोबाइल पर कुछ मिनट का वीडियो अपलोड करने वाले क्रिएटर्स अब फिल्मी सितारों और बड़े कारोबारियों की तरह कमाई कर रहे हैं. सवाल यह है कि आखिर क्रिएटर्स के लिए सबसे ज्यादा पैसा किस प्लेटफॉर्म पर है-इंस्टाग्राम या यूट्यूब? क्या रील्स बनाकर ज्यादा कमाई होती है या लंबे वीडियो बनाकर? और दुनिया के सबसे बड़े कंटेंट क्रिएटर्स आखिर किस प्लेटफॉर्म से अपनी कमाई का बड़ा हिस्सा जुटा रहे हैं?
पिछले कुछ वर्षों में कंटेंट क्रिएटर इकोनॉमी ने तेजी से विकास किया है. फोर्ब्स की 2025 की टॉप क्रिएटर्स रिपोर्ट के मुताबिक, दुनिया के 50 सबसे प्रभावशाली और सबसे ज्यादा कमाई करने वाले क्रिएटर्स ने एक साल में करीब 853 मिलियन डॉलर (लगभग 7,000 करोड़ रुपये) की कमाई की. इन क्रिएटर्स के कुल फॉलोअर्स 3.37 अरब से ज्यादा हैं. यह रिपोर्ट बताती है कि सोशल मीडिया अब सिर्फ लोकप्रियता का मंच नहीं रहा, बल्कि एक बड़ी बिजनेस इंडस्ट्री बन चुका है.
-यूट्यूब की 5 बड़ी खूबियां
वीडियो पर आने वाले विज्ञापनों से सीधे कमाई का मौका मिलता है.
पुराने वीडियो भी लंबे समय तक व्यूज लाकर कमाई करते रहते हैं.
चैनल मेंबरशिप, सुपर चैट और प्रीमियम रेवेन्यू जैसे कई कमाई के विकल्प मौजूद हैं.
लंबे और डीप कंटेंट के लिए बेहतर प्लेटफॉर्म माना जाता है.
बड़े क्रिएटर्स की स्थायी और नियमित कमाई का मेन सोर्स है.
–इंस्टाग्राम की 5 बड़ी खूबियां
ब्रांड डील्स और स्पॉन्सर्ड पोस्ट से अच्छी कमाई होती है.
कम समय के रील्स कंटेंट से तेजी से लोकप्रियता मिल सकती है.
फैशन, ब्यूटी, फिटनेस और लाइफस्टाइल क्रिएटर्स के लिए बेहद प्रभावी प्लेटफॉर्म है.
फॉलोअर्स के साथ सीधे जुड़ाव (एंगेजमेंट) ज्यादा देखने को मिलता है.
पर्सनल ब्रांड बनाने और कंपनियों के साथ साझेदारी के लिए बेहतर माना जाता है.
यूट्यूब है पहली पसंद
अगर सीधे कमाई की बात करें तो यूट्यूब आज भी क्रिएटर्स की पहली पसंद बना हुआ है. इसकी सबसे बड़ी वजह यह है कि यूट्यूब अपने पार्टनर प्रोग्राम के जरिए वीडियो पर आने वाले विज्ञापनों का हिस्सा सीधे क्रिएटर्स को देता है. यानी जितने ज्यादा व्यूज, उतनी ज्यादा कमाई. इसके अलावा यूट्यूब पर चैनल मेंबरशिप, सुपर चैट, सुपर थैंक्स, प्रीमियम रेवेन्यू और ब्रांड स्पॉन्सरशिप जैसे कमाई के कई विकल्प मौजूद हैं.
कमाई का तरीका है अलग
दूसरी तरफ इंस्टाग्राम पर कमाई का तरीका थोड़ा अलग है. यहां रील्स और पोस्ट से सीधे मिलने वाली कमाई सीमित होती है. ज्यादातर बड़े क्रिएटर्स की आय का मुख्य स्रोत ब्रांड डील्स, स्पॉन्सर्ड पोस्ट, एफिलिएट मार्केटिंग और प्रमोशनल कैंपेन होते हैं. इसलिए इंस्टाग्राम पर कमाई काफी हद तक फॉलोअर्स और लोगों की भागीदारी (एंगेजमेंट) पर निर्भर करती है.
फोर्ब्स की 2025 की लिस्ट
YouTube vs Instagramदुनिया के सबसे बड़े क्रिएटर्स का उदाहरण देखें तो तस्वीर और साफ हो जाती है. फोर्ब्स की 2025 की लिस्ट में लगातार चौथे साल अमेरिकी यूट्यूबर मिस्टर बीस्ट (MrBeast) पहले स्थान पर रहे. उनकी अनुमानित सालाना कमाई 85 मिलियन डॉलर बताई गई है. उनकी कमाई सिर्फ यूट्यूब विज्ञापनों से नहीं होती, बल्कि उनके ब्रांड, मर्चेंडाइज, चॉकलेट कंपनी और अन्य बिजनेस वेंचर्स से भी होती है. हालांकि, उनकी पहचान और सफलता की शुरुआत यूट्यूब से ही हुई.



