Whatsapp Accounts Suspend: अचानक लॉक हुए हजारों WhatsApp अकाउंट, यूजर्स में मचा हड़कंप

Whatsapp Accounts Suspend भारत सहित दुनिया भर के हजारों व्हाट्सऐप यूजर्स को सोमवार की रात अचानक से झटका लगा. क्योंकि मेटा के स्वामित्व वाले इस लोकप्रिय इंस्टेंट मैसेजिंग प्लेटफॉर्म ने बिना किसी पूर्व चेतावनी हजारों व्हाट्सऐप अकाउंट्स को 24 घंटे के लिए ‘अंडर रिव्यू’ में डाल दिया. जिससे सब हैरान रह गए. इसके कारण प्रभावित लोग न तो किसी को मैसेज भेज पा रहे थे और न ही कॉल कर पा रहे थे. ऐसे में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर यूजर्स का गुस्सा फूट पड़ा. कई लोगों ने स्क्रीनशॉट शेयर करते हुए लिखा कि जब उन्होंने किसी नियम का उल्लंघन नहीं किया तो उनके अकाउंट्स रिव्यू में क्यों डाल दिए गए.
व्हाट्सऐप यूजर्स को दिखा यह मैसेज
अचानक ऐप ब्लॉक होने के बाद जैसे ही यूजर्स ने व्हाट्सऐप ओपन किया, उन्हें स्क्रीन पर एक नोटिस दिखाई दिया. जिस पर लिखा था ‘Account in review Your account activity and device info is being checked’ इस संदेश में साफ लिखा था कि यूजर्स की एक्टिविटी और डिवाइस की जानकारी जांची जा रही है और इसका परिणाम आमतौर पर 24 घंटे के भीतर नोटिफाई किया जाएगा. अचानक हुई इस कार्रवाई से दैनिक कामकाज और बिजनेस के लिए व्हाट्सऐप पर निर्भर लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा. यह समस्या रात 8 बजे के आसपास शुरू हुई थी, जो देर रात तक चलती रही.
ये भी पढ़ेंः Census 2027: जनगणना 2027 का शेड्यूल जारी, 17 अगस्त से ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन होगा शुरू
Meta ने दी सफाई
Whatsapp Accounts Suspendमामले में Meta ने सफाई दी है. व्हाट्सऐप के प्रवक्ता ने आधिकारिक बयान जारी कर बताया कि हम अपने प्लेटफॉर्म को सुरक्षित रखने और इसका दुरुपयोग रोकने के लिए लगातार काम करते हैं. इसके लिए सुरक्षा प्रणालियों के तहत अकाउंट्स बैन किए जाते हैं. लेकिन कई बार हमारे ऑटोमेटेड सिस्टम से भी गलती हो जाती है. अगर ऐसा हुआ है, तो हम इसे जल्द से जल्द ठीक करने और लोगों को दोबारा चैटिंग से जोड़ने का प्रयास कर रहे हैं.
टेकक्रंच के मुताबिक, कंपनी इस तकनीकी खामी को दूर कर प्रभावित अकाउंट्स को तेजी से बहाल (Restore) करने में जुट गई थी. मेटा ने सफाई में कहा था कि कभी-कभी इस तरह की गलतियां हो जाती हैं.



