टीवी की दुनिया से सियासत तक का शानदार सफर तय करने वाली स्मृति ईरानी इंडिया टीवी के चेयरमैन एवं एडिटर-इन-चीफ रजत शर्मा के तीखे सवालों का बेबाकी से जवाब देती नजर आएंगी। हाल ही में 'क्योंकि सास भी कभी बहू थी 2' में उनकी वापसी ने सुर्खियां बटोरी हैं।
स्मृति ईरानी ने अपने करियर की शुरुआत मॉडलिंग और टीवी इंडस्ट्री से की। 1998 में मिस इंडिया प्रतियोगिता में हिस्सा लिया, लेकिन फाइनल तक नहीं पहुंच सकीं। इसके बाद उन्होंने एकता कपूर के सुपरहिट धारावाहिक 'क्योंकि सास भी कभी बहू थी' में तुलसी विरानी का किरदार निभाया, जिसने उन्हें घर-घर में मशहूर कर दिया।
2025 में, लगभग दो दशक बाद वह इस किरदार में फिर से लौटी हैं। 2003 में स्मृति ने भारतीय जनता पार्टी जॉइन की और सियासत में कदम रखा।
2011 में वह गुजरात से राज्यसभा सांसद बनीं और 2019 में अमेठी से राहुल गांधी को हराकर लोकसभा चुनाव जीता, जिसने उन्हें 'जायंट किलर' की उपाधि दिलाई।
2014 से 2024 तक उन्होंने मानव संसाधन विकास, कपड़ा, सूचना और प्रसारण, महिला एवं बाल विकास, और अल्पसंख्यक मामलों जैसे महत्वपूर्ण मंत्रालयों में काम किया। हालांकि, 2024 के लोकसभा चुनाव में वह अमेठी से कांग्रेस के किशोरी लाल शर्मा से हार गईं।
आप की अदालत' में स्मृति ईरानी अपनी सियासी हार-जीत, टीवी में वापसी, और देश के बड़े मुद्दों पर खुलकर बोलती नजर आएंगी। उनके बेबाक जवाब और रजत शर्मा के तीखे सवाल दर्शकों के लिए एक रोमांचक अनुभव होंगे..