अयोध्या में भगवान श्री राम के मंदिर का निर्माण हो चुका है। वहीं, बिहार में अब माता सीता के मंदिर निर्माण की तैयारी जोर-शोर से जारी है। इस मंदिर के निर्माण का शिलान्यास गृह मंत्री अमित शाह करेंगे।

बिहार के सीतामढ़ी जिले के पवित्र पुनौरा धाम में मां सीता के भव्य मंदिर निर्माण की ऐतिहासिक पहल अब साकार रूप लेने जा रही है। सीतामढ़ी पहुंचे केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने पुनौरा धाम पहुंचकर प्रेस वार्ता में जानकारी दी कि अगले महीने 8 अगस्त की तारीख को देश के गृह मंत्री अमित शाह स्वयं मंदिर निर्माण का शिलान्यास करेंगे।

माता सीता का यह मंदिर केवल एक भवन नहीं, बल्कि भारत की सांस्कृतिक चेतना, जन आस्था और रामायण कालीन गौरव का प्रतीक बनेगा। मां जनकनंदिनी की जन्मभूमि पर भव्य मंदिर निर्माण पूरे देश के सीताराम भक्तों के लिए गर्व, आस्था और उत्साह का विषय है।

केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने यह भी बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश के धार्मिक और सांस्कृतिक धरोहरों को सहेजने का जो अभियान चल रहा है, यह मंदिर उसी श्रृंखला की एक महत्वपूर्ण कड़ी होगा।

नित्यानंद राय ने कहा कि यह क्षण न केवल सीतामढ़ी बल्कि पूरे राष्ट्र के लिए आस्था, संस्कृति और राष्ट्रगौरव का गौरवपूर्ण पर्व बनकर उभरेगा। उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के तौर पर बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार शामिल होंगे।

केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने बताया की सीता मंदिर का भव्य निर्माण देश भर में माता सीता और राम के भक्तों के लिए खुशी का पल है। भारत समेत विभिन्न देशों में माता सीता की पूजा की जाती है। आम तौर पर लोग सीता माता का घर जनकपुर (नेपाल) में जानते हैं। हालांकि, असल में सीता माता का जन्म स्थान बिहार के सीतामढ़ी जिले में है।

मान्यता है कि सीतामढ़ी के पुनौरा गांव में माता सीता, राजा जनक को मिली थीं। मां सीता की जन्मस्थली पर पुनौरा धाम नामक मंदिर भी बना हुआ है। हर साल बड़ी संख्या में श्रद्धालु इस मंदिर में दर्शन और पूजा अर्चना के लिए आते हैं।