छत्तीसगढ़ के बस्तर में पुलिस और प्रशासन को नक्सलवाद के खिलाफ बड़ी सफलता मिली है। यहां पांच जिलों में कुल 66 नक्सलियों ने सरेंडर कर दिया है। इनमें से 49 के ऊपर कुल 2.27 करोड़ रुपये का इनाम था। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि गुरुवार को बस्तर संभाग के पांच जिलों में 66 नक्सलियों ने आत्मसमर्पण कर दिया

अधिकारियों ने कहा, "उन्होंने राज्य सरकार की 'नियाद नेल्लनार' (आपका अच्छा गांव) योजना से भी प्रभावित होने का दावा किया, जिसका उद्देश्य दूरदराज के गांवों में विकास कार्यों को सुगम बनाना है। इसके अलावा, राज्य सरकार की नई आत्मसमर्पण और पुनर्वास नीति और बस्तर रेंज पुलिस द्वारा शुरू की गई पुनर्वास पहल, पूना मार्गम (सामाजिक पुनर्मिलन के लिए पुनर्वास) से भी वे प्रभावित हैं।"

बीजापुर के पुलिस अधीक्षक जितेंद्र कुमार यादव ने कहा, "बीजापुर में आत्मसमर्पण करने वाले 25 लोगों में से 23 पर कुल 1.15 करोड़ रुपये का इनाम था। इनमें ओडिशा राज्य समिति का सदस्य और माओवादियों की विशेष क्षेत्रीय समिति का सदस्य रमन्ना इरपा (37) और उसकी पत्नी ...

 पत्नी रमे कलमू (30) शामिल हैं, जो एक प्लाटून पार्टी समिति (पीपीसीएम) सदस्य है और जिस पर 8 लाख रुपये का इनाम है।"दंतेवाड़ा के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उदित पुष्कर ने बताया कि दंतेवाड़ा में आत्मसमर्पण करने वाले 15 कैडरों में से पांच पर कुल 17 लाख रुपये का इनाम था।

 अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ने बताया कि आत्मसमर्पण करने वाले 15 नक्सलियों में संभागीय समिति सदस्य बुधराम उर्फ लालू कुहराम और उसकी पत्नी कमली उर्फ मोती पोतावी भी शामिल हैं, जिन पर क्रमशः 8 लाख रुपये और 5 लाख रुपये का इनाम है।

उन्होंने बताया कि इस आत्मसमर्पण के साथ ही, जून 2020 में शुरू किए गए 'लोन वर्राटू' (स्थानीय गोंडी बोली में गढ़ा गया शब्द जिसका अर्थ है अपने घर/गांव लौट जाओ) अभियान के तहत अब तक 254 इनामी नक्सलियों सहित 1020 नक्सली हिंसा छोड़ चुके हैं।