देश

Water crisis :चाड के पूर्वी हिस्से में पानी के विवाद ने लिया हिंसक रूप, 42 लोगों की मौत, सेना ने संभाला मोर्चा

Water crisis :मध्य अफ्रीकी देश चाड के पूर्वी हिस्से में पानी के स्रोत को लेकर दो पक्षों के बीच हिंसक झड़प हो गई। इस संघर्ष में कम से कम 42 लोगों की मौत हो गई, जबकि 10 अन्य घायल बताए जा रहे हैं। यह विवाद पानी के अधिकार को लेकर शुरू हुआ, जो बाद में बदले की कार्रवाई में बदल गया।

चाड के उप-प्रधानमंत्री लिमाने महामत ने रविवार देर रात जानकारी देते हुए बताया कि घटना सूडान सीमा के पास वादी फिरा प्रांत के इगोटे गांव में हुई। उन्होंने कहा कि हालात को काबू में करने के लिए सेना को हस्तक्षेप करना पड़ा। सेना की त्वरित कार्रवाई के बाद अब स्थिति नियंत्रण में है।

घायलों को नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है। सरकार ने इस मामले में पारंपरिक मध्यस्थता प्रक्रिया शुरू करने और दोषियों की पहचान कर कानूनी कार्रवाई करने का ऐलान किया है।

चाड में संसाधनों को लेकर समुदायों के बीच टकराव पहले भी होते रहे हैं। पिछले साल भी किसानों और चरवाहों के बीच हुई हिंसा में 42 लोगों की जान गई थी।

Water crisis :बताया जा रहा है कि सूडान में जारी संघर्ष के कारण बड़ी संख्या में शरणार्थी चाड के पूर्वी इलाकों में पहुंचे हैं, जिससे संसाधनों पर दबाव बढ़ गया है। इसी को इस तनाव की एक बड़ी वजह माना जा रहा है। सरकार ने पहले ही सुरक्षा कारणों से सूडान सीमा को अगली सूचना तक बंद कर रखा है।

ख़बर शेयर करें:

Back to top button