UPSC सिविल सेवा परीक्षा के लिए क्या है उम्र सीमा? एक क्लिक में जानें पूरी डिटेल

UPSC News यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा की सभी स्टेज पार करने वाले उम्मीदवार आईएएस और आईपीएस समेत कई सेवाओं के लिए चयनित किए जाते हैं. यूपीएससी हर साल सिविल सेवा भर्ती का आयोजन करता है, जिसमें लाखों उम्मीदवार हिस्सा लेते हैं. अगर आप भी सिविल सेवा परीक्षा के लिए आवेदन करने की तैयारी कर रहे हैं, तो आपको इससे जुड़ी कई महत्वपूर्ण बातें जान लेनी चाहिए. क्या आप जानते हैं यूपीएससी परीक्षा के लिए कैंडिडेट की उम्र सीमा और शैक्षणिक योग्यता क्या है? आज आपको इस बारे में बता रहे हैं.
क्या है जरूरी शैक्षणिक योग्यता?
यूपीएससी के मुताबिक सिविल सेवा परीक्षा के लिए आवेदन करने वाले उम्मीदवार किसी भी स्ट्रीम से ग्रेजुएट होने चाहिए. पोस्ट ग्रेजुएट और इससे ज्यादा पढ़े लिखे लोग भी इसके लिए आवेदन कर सकते हैं. अगर आपके पास कोई प्रोफेशनल डिग्री है, जो इसके समकक्ष है, तब भी आप आवेदन के योग्य हैं. अगर आप किसी विदेशी यूनिवर्सिटी से पढ़े हुए हैं, तो इस बारे में आप यूपीएससी के आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर जानकारी हासिल कर सकते हैं. यूपीएससी सिविल सर्विस परीक्षा के लिए न्यूनतम योग्यता ग्रेजुएशन है.
एक्शन में सीएम भूपेश, CMO सस्पेंड,शंकरगढ़ में कृषि महाविद्यालय की घोषणा
क्या है यूपीएससी के लिए उम्र सीमा?
यूपीएससी सिविल सेवा के लिए उम्र सीमा की बात करें तो यह अलग-अलग कैटेगरी के लिए अलग-अलग निर्धारित की गई है. आयोग के मुताबिक सामान्य वर्ग के उम्मीदवारों के लिए उम्र सीमा 21 से लेकर 32 साल तक है. ओबीसी वर्ग के कैंडिडेट्स को इसमें 3 साल की छूट दी जाती है. इसके अलावा एससी और एसटी वर्ग के उम्मीदवारों को 5 साल की छूट उम्र सीमा में यूपीएससी की तरफ से दी जाती है. सामान्य वर्ग के कैंडिडेट्स उम्मीदवार 6 बार परीक्षा में शामिल हो सकते हैं. ओबीसी वर्ग के उम्मीदवार 9 बार और एससी-एसटी के उम्मीदवार अधिकतम उम्र तक यह परीक्षा दे सकते हैं.
किस तरह होता है सिलेक्शन?
यूपीएससी सिविल सेवा के लिए सबसे पहले प्री-परीक्षा का आयोजन किया जाता है. इस परीक्षा में आवेदन करने वाले सभी उम्मीदवार शामिल हो सकते हैं. इस परीक्षा में पास होने वाले उम्मीदवारों को मेंस के लिए मौका मिलता है. मेंस परीक्षा में सफलता पाने वाले उम्मीदवारों को फाइनल यानी इंटरव्यू के लिए बुलाया जाता है. जो लोग इन तीनों स्टेज को पार करते हैं, उनकी मेरिट लिस्ट बनाई जाती है और उसके आधार पर रैंक जारी की जाती है. जिनकी रैंक अच्छी होती है उन्हें आईएएस सेवा मिलती है, जबकि बाकी लोगों को आईपीएस, आईएफएस और आईआरएस जैसी सेवाएं मिलती हैं.



