Today Cg News: मुख्यमंत्री स्लम स्वास्थ्य योजना: 22 हजार से अधिक मरीजों को घर के पास मिला निःशुल्क उपचार – RGH NEWS
छत्तीसगढ़ न्यूज़ (समाचार)

Today Cg News: मुख्यमंत्री स्लम स्वास्थ्य योजना: 22 हजार से अधिक मरीजों को घर के पास मिला निःशुल्क उपचार

Today Cg News:   रायपुर, 26 जून 2026

 मुख्यमंत्री स्लम स्वास्थ्य योजना: 22 हजार से अधिक मरीजों को घर के पास मिला निःशुल्क उपचार

मुख्यमंत्री स्लम स्वास्थ्य योजना शहरी गरीब एवं स्लम बस्तियों में रहने वाले लोगों के लिए प्रभावी स्वास्थ्य सुरक्षा कवच साबित हो रही है। सूरजपुर जिले की नगर पंचायत जरही में संचालित योजना के तहत अब तक 463 स्वास्थ्य शिविरों के माध्यम से 22,495 मरीजों को निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण, उपचार और दवाइयों की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। घर के समीप स्वास्थ्य सेवाएं मिलने से नागरिकों का समय और खर्च दोनों बच रहे हैं, वहीं बीमारियों की समय पर पहचान भी सुनिश्चित हो रही है।

योजना के अंतर्गत आयोजित शिविरों में प्रति शिविर औसतन 49 मरीजों ने स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ लिया। इस दौरान 5,635 लैब जांचें की गईं तथा 19,395 मरीजों को निःशुल्क दवाइयों का वितरण किया गया। नियमित स्वास्थ्य शिविरों के माध्यम से आम नागरिकों को प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाएं सुलभ और सशक्त रूप से उपलब्ध कराई जा रही हैं।

’समय पर जांच से गंभीर बीमारियों की पहचान’

मुख्यमंत्री स्लम स्वास्थ्य योजना के तहत गैर-संचारी रोगों की समय पर पहचान पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। अब तक 536 नागरिकों की शुगर जांच में 86 मरीज मधुमेह से प्रभावित पाए गए। वहीं 21,603 लोगों के रक्तचाप परीक्षण में 2,144 मरीज उच्च रक्तचाप एवं शुगर संबंधी समस्याओं से प्रभावित मिले। सभी चिन्हित मरीजों को आवश्यक उपचार, दवाइयां और चिकित्सकीय परामर्श उपलब्ध कराया गया।

’स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचीं बस्तियों तक’

शिविरों में डॉक्टरों एवं स्वास्थ्य कर्मियों द्वारा रक्तचाप परीक्षण, शुगर जांच, स्वास्थ्य परामर्श और आवश्यक दवाइयों का वितरण किया जा रहा है। बस्तियों के समीप ही स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध होने से नागरिकों को समय पर उपचार मिल रहा है, जिससे गंभीर बीमारियों की रोकथाम और स्वास्थ्य जागरूकता को भी बढ़ावा मिल रहा है।

मुख्यमंत्री स्लम स्वास्थ्य योजना शहरी गरीब परिवारों के लिए सुलभ, निःशुल्क और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं सुनिश्चित करते हुए प्रदेश में जनकल्याणकारी स्वास्थ्य व्यवस्था को और अधिक मजबूत बना रही है।

Related Articles

Back to top button