Today Cg News: सीएम कैंप कार्यालय की पहल से दाराखरिका में सुलझी वर्षों पुरानी बिजली समस्या, ट्रांसफार्मर लगने से ग्रामीणों को मिली राहत – RGH NEWS
छत्तीसगढ़ न्यूज़ (समाचार)

Today Cg News: सीएम कैंप कार्यालय की पहल से दाराखरिका में सुलझी वर्षों पुरानी बिजली समस्या, ट्रांसफार्मर लगने से ग्रामीणों को मिली राहत

Today Cg News:  रायपुर, 06 मई 2026

सीएम कैंप कार्यालय की पहल से दाराखरिका में सुलझी वर्षों पुरानी बिजली समस्या

मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के निर्देश और सीएम कैंप कार्यालय बगिया की सक्रिय पहल से जशपुर जिले के दाराखरिका में वर्षों से लंबित विद्युत समस्या का समाधान हो गया है। माध्यमिक शाला के पास लंबे समय से खंभे लगे होने के बावजूद ट्रांसफार्मर के अभाव में बिजली आपूर्ति शुरू नहीं हो पा रही थी, जिससे ग्रामीणों को लगातार परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।

ग्रामीणों के अनुसार क्षेत्र में लो वोल्टेज और अनियमित बिजली आपूर्ति की समस्या लंबे समय से बनी हुई थी। कई बार विभाग को अवगत कराने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हो सका। अंततः ग्रामीणों ने बगिया स्थित मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय पहुंचकर आवेदन के माध्यम से अपनी समस्या रखी।

मामले को गंभीरता से लेते हुए मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय ने त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए, जिसके बाद संबंधित विभाग ने दाराखरिका में ट्रांसफार्मर स्थापित कर बिजली आपूर्ति शुरू कर दी। इससे न केवल क्षेत्र में नियमित बिजली उपलब्ध हो सकी, बल्कि ग्रामीणों के दैनिक जीवन और बच्चों की पढ़ाई में भी सुविधा बढ़ी है। ट्रांसफार्मर लगने के बाद क्षेत्र में खुशी का माहौल है।

ग्रामीणों ने कहा कि वर्षों से लंबित समस्या का समाधान अब संभव हो पाया है। उन्होंने मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय और सीएम कैंप कार्यालय बगिया के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि शासन की त्वरित पहल से उनकी बड़ी समस्या दूर हुई है।

Related Articles

Back to top button