जम्मू-कश्मीर में मार्च की गर्मी से छूटे लोगो के पसीने, श्रीनगर भी नए रिकॉर्ड की ओर

जम्मू-कश्मीर में मौसम इस बार समय से पहले ही गरमी लेकर आ गया है। आलम ये है कई ठंडे क्षेत्रों में तापमान ने मार्च माह का ऑलटाइम रिकॉर्ड तोड़ दिया है। प्रदेश में बटोत, कटड़ा और भद्रवाह में वीरवार को अधिकतम तापमान ने ऑलटाइम रिकॉर्ड तोड़ दिए। राजधानी श्रीनगर भी ऑलटाइम रिकार्ड टूटने के करीब पहुंच गई है। मौसम के लगातार साफ रहने के कारण कई जिलों में तपिश में भारी बढ़ोतरी हुई है। एक हफ्ते पहले ठंडक का अहसास ले रहे लोगों के पसीने छूटना शुरू हो गए हैं। अमूमन ठंडे रहने वाले घाटी के कई जिलों में दिन का तापमान सामान्य से 12 से 14 डिग्री तक ऊपर चला गया है। यही हाल जम्मू संभाग के जिलों का है। रात के न्यूनतम तापमान में भी भारी बढ़ोतरी से इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों का उपयोग बढ़ा है
मौसम विज्ञान केंद्र श्रीनगर के अनुसार 19 मार्च को जम्मू और कश्मीर के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश हो सकती है, लेकिन आगामी मौसम के लगभग साफ रहने से पारे में और उछाल आएगा। बटोत में वीरवार को दिन का अधिकतम तापमान 28.3 डिग्री सेल्सियस रहा। सामान्य से 11.3 डिग्री सेल्सियस डिग्री का यह स्तर मार्च माह में अब तक का सर्वाधिक है। इससे पहले बटोत में 20 मार्च 2010 को 27.0 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया था। इसी तरह कटड़ा में 34.2 डिग्री सेल्सियस तापमान ने मार्च के ऑलटाइम रिकॉर्ड को तोड़ दिया। यह सामान्य से 9.8 डिग्री अधिक रहा। यहां इससे पहले 30 मार्च 2018 को अधिकतम तापमान 33.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था
अमूमन ठंडे रहने वाले भद्रवाह में भी अधिकतम तापमान 31.3 डिग्री सेल्सियस ने पिछले सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए, जो सामान्य से 12.4 डिग्री सेल्सियस अधिक था। इससे पहले 31 मार्च 2018 को अधिकतम 30.0 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया था। जम्मू में पिछले छह दिन से दिन का तापमान सात डिग्री तक ऊपर आ गया है। इसमें गत 12 मार्च को 28.0, 13 मार्च को 29.2, 14 मार्च को 31.0, 15 मार्च को 32.2 और 16 मार्च को 35 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हालांकि वीरवार को दिन 33.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। लेकिन दिनभर तपिश ने लोगों को परेशान किया। दोपहर को सीधी धूप में पसीने छूट रहे हैं