SMC Cyber Fraud Ahmedabad: ऑनलाइन सट्टेबाजी नेटवर्क का भंडाफोड़, ₹324 करोड़ का सट्टा मामले में 10 आरोपी गिरफ्तार.. दुबई से चल रहा था पूरा खेल – RGH NEWS
देश

SMC Cyber Fraud Ahmedabad: ऑनलाइन सट्टेबाजी नेटवर्क का भंडाफोड़, ₹324 करोड़ का सट्टा मामले में 10 आरोपी गिरफ्तार.. दुबई से चल रहा था पूरा खेल

SMC Cyber Fraud Ahmedabad गुजरात पुलिस की स्टेट मॉनिटरिंग सेल (SMC) ने एक बड़े अंतरराष्ट्रीय ऑनलाइन क्रिकेट सट्टेबाजी और साइबर फ्रॉड नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। जांच में खुलासा हुआ है कि यह गिरोह फर्जी एवं म्यूल बैंक खातों के जरिए ₹324.58 करोड़ से अधिक के संदिग्ध वित्तीय लेन-देन को अंजाम दे चुका है। मामले में अब तक 10 प्रमुख आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।

 

 

निकोल में छापेमारी से खुली सट्टेबाजी सिंडिकेट की परतें

पूरे मामले का खुलासा मई 2026 में हुआ, जब SMC ने गुप्त सूचना के आधार पर अहमदाबाद के निकोल क्षेत्र में छापेमारी कर विजय करडानी को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से टैबलेट, तीन मोबाइल फोन, टीवी सेट, सेटअप बॉक्स, कार सहित करीब ₹15.73 लाख का सामान बरामद किया गया। मोबाइल और व्हाट्सएप डेटा की जांच के दौरान आईपीएल सीजन में सक्रिय देशव्यापी सट्टेबाजी नेटवर्क का खुलासा हुआ।

2,000 से अधिक संदिग्ध बैंक खातों का इस्तेमाल

जांच में सामने आया कि आरोपी अवैध धन के लेन-देन के लिए हजारों बैंक खातों का उपयोग कर रहे थे। विजय करडानी के मोबाइल से 281 बैंक खातों का विवरण मिला, जिनमें से 50 खाते पहले ही राष्ट्रीय साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल (NCCRP) द्वारा फ्रीज किए जा चुके थे।

 

वहीं, आरोपी अनिल गोकलदास के डिवाइस से 1,907 बैंक खातों की जानकारी मिली, जिनमें 304 खाते ब्लॉक पाए गए। पुलिस को कुल 354 ऐसे खाते मिले हैं जिनके खिलाफ देशभर में साइबर अपराध की शिकायतें दर्ज हैं

 

दुबई से चल रहा था पूरा खेल

पुलिस जांच में दुबई कनेक्शन भी सामने आया है। अधिकारियों के अनुसार, दुबई में बैठे कथित हैंडलर ‘युआन’ ने आरोपी आकाश नायक को नेटवर्क के वित्तीय संचालन की फ्रेंचाइजी सौंप रखी थी। इसके बदले उसे कुल मुनाफे का 40 प्रतिशत कमीशन मिलता था। आकाश ने आगे अन्य एजेंटों को 20 से 25 प्रतिशत कमीशन पर सब-फ्रेंचाइजी दे रखी थी।

 

 

47 लोगों पर एफआईआर, जांच जारी

SMC ने मुख्य आरोपी राजवीरसिंह समेत 47 लोगों के खिलाफ नामजद एफआईआर दर्ज की है। आरोपियों पर गुजरात जुआ अधिनियम, भारतीय न्याय संहिता (BNS) और आईटी एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।

 

SMC Cyber Fraud Ahmedabadपुलिस की विशेष टीम फिलहाल पूरे नेटवर्क की राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मनी ट्रेल, हवाला कनेक्शन तथा बैंक खातों की फॉरेंसिक जांच में जुटी है। अधिकारियों का मानना है कि आने वाले दिनों में इस मामले में कई और बड़े खुलासे और गिरफ्तारियां हो सकती हैं।

 

 

अब तक गिरफ्तार किए गए 10 आरोपियों के नाम:

  • आकाश नायक (मुख्य फ्रेंचाइजी होल्डर)
  • अनिल कोटक
  • प्रतीक मराडिया
  • विजय करडानी
  • अश्विन मेंडापारा
  • जय उर्फ शंभु कनेरिया
  • हिरेन कथारिया
  • नवनीत खांभला
  • जय उर्फ राजा अघेरा
  • मीत कलारिया

Related Articles

Back to top button