Singapore Open: पीवी सिंधु ने जीता सिंगापुर ओपन, साल का तीसरा खिताब

नई दिल्ली. पीवी सिंधु ने सिंगापुर ओपन सुपर-500 बैडमिंटन टूर्नामेंट (Singapore Open 2022) का खिताब जीत लिया है. भारत की स्टार शटलर पीवी सिंधु (PV Sindhu) ने महिला सिंगल्स के फाइनल में चीन की वांग झी को हराया. उन्होंने यह मुकाबला 21-9, 11-21 और 21-15 से जीता. सिंधु ने इस साल यह पहला सुपर-500 बैडमिंटन टूर्नामेंट जीता है. इससे पहले, सिंधु ने दो सुपर-300 टूर्नामेंट सैयद मोदी इंटरनेशनल और स्विस ओपन का खिताब जीता था. सिंधु ने सिंगापुर ओपन जीतकर कॉमनवेल्थ गेम्स में गोल्ड का दावा भी मजबूत कर लिया है.
पीवी सिंधु (PV Sindhu) को सिंगापुर ओपन के महिला सिंगल्स के फाइनल में चीन की वांग झी (Wang Zhi Yi) से कड़ी टक्कर मिली. चीन की खिलाड़ी ने पहले गम में शानदार शुरुआत की थी और लगातार 2 अंक हासिल किए थे. हालांकि, इसके बाद सिंधु ने नेट पर शानदार खेल दिखाते हुए जबरदस्त वापसी की और लगातार 13 अंक हासिल किए. फिर सिंधु ने पीछे मुड़कर नहीं देखा और पहला गेम आसानी से 21-9 से जीत लिया.
इससे पहले, सिंधु ने जापान की सायना कावाकामी को सिंगापुर ओपन के सेमीफाइनल में 21-15, 21-7 से हराया था. सिंधु ने यह मुकाबला महज 31 मिनट में जीत लिया था. सिंधु ने इस साल एशियन चैम्पियनशिप में ब्रॉन्ज मेडल जीता था.
पीवी सिंधु ने सिंगापुर ओपन के पहले राउंड में लियान टैन को हराया था. इसके बाद उन्होंने लिन ग्यूयेन को 19-21, 21-19 और 21-18 से शिकस्त दी थी. भारतीय शटलर ने क्वार्टर फाइनल में हैन यूई पर जीत दर्ज की थी.



