Seoni Trainee Plane Crash: विमान हादसा: इंजन फेल होने से ट्रेनी विमान हुआ क्रैश, पायलट समेत दो लोग जख्मी

Seoni Trainee Plane Crash: मध्य प्रदेश के सिवनी जिले में सोमवार शाम (8 दिसंबर) एक ट्रेनी विमान की क्रैश लैंडिंग हुई। आमगांव के पास उड़ान के दौरान विमान 33 केवी हाई वोल्टेज बिजली लाइन से टकरा गया और हादसे के बाद खेत में जा गिरा। रेड बर्ड एविएशन कंपनी का यह ट्रेनी विमान सुकतरा हवाई पट्टी से उड़ान भरकर अपने रूट पर था। इस दुर्घटना में ट्रेनर पायलट अजित एंथोनी और ट्रेनी पायलट अशोक छावड़ा घायल हुए, हालांकि दोनों की हालत स्थिर बताई जा रही है।
गांव वालों ने पायलटों को पहुंचाया अस्पताल
जांच में सामने आया कि शाम करीब साढ़े 6 बजे लैंडिंग प्रक्रिया के दौरान विमान बादलपार सब स्टेशन की 33 केवी लाइन के निचले हिस्से से टकरा गया। टक्कर के तुरंत बाद जोरदार धमाका हुआ और बिजली तारों से चिंगारियां फैल गईं। विमान नियंत्रण खोते हुए खेत में गिरा, लेकिन लाइन तुरंत ट्रिप होने से आगजनी जैसी बड़ी दुर्घटना टल गई। धमाका सुनते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और बिजली कंपनी को सूचना दी। ग्रामीणों ने ही दोनों घायल पायलटों को अस्पताल तक पहुंचाया
कुरई थाना प्रभारी कृपाल सिंह तेकाम के अनुसार प्रारंभिक जानकारी यह बताती है कि विमान के इंजन में पावर जनरेट नहीं हो रहा था। पायलट ने कंट्रोल रूम से संपर्क करके खेत में इमरजेंसी लैंडिंग करने की तैयारी की थी, लेकिन उसी दौरान विमान बिजली लाइन से टकरा गया।
ये भी पढ़ें- 8th Pay Commission Update: जानिए कब से लागू होगा 8वां वेतन आयोग? सरकार ने संसद में दिया जवाब
90 गांवों में बिजली आपूर्ति ठप
Seoni Trainee Plane Crashबिजली विभाग के अनुसार लाइन टूटने से बादलपार और ग्वारी सब स्टेशन क्षेत्र के लगभग 90 गांवों की बिजली सप्लाई बंद हो गई। पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के एक्जीक्यूटिव इंजीनियर सुभाष राय ने बताया कि टीम मौके पर पहुंचकर मरम्मत कार्य में लगी है और लाइन जल्द बहाल करने की कोशिश हो रही है।



