Scam 2010 Teaser: ‘स्कैम 2010’ का टीजर हुआ जारी, सुब्रत रॉय के रोल में दिखा ये एक्टर

Scam 2010 Teaser ओटीटी पर एक और नए स्कैम की कहानी दस्तक देने वाली है। सहारा ग्रुप के संस्थापक सुब्रत रॉय के जीवन पर आधारित ‘स्कैम 2010’ अब ओटीटी पर रिलीज होने के लिए तैयार है। ‘स्कैम 2010’ के मेकर्स ने ‘स्कैम’ फ्रेंचाइजी की तीसरी किस्त का पहला टीजर जारी कर दिया है। ये फर्स्ट लुक टीजर सहारा ग्रुप के संस्थापक सुब्रत रॉय की जिंदगी और दुनिया की झलक दिखाता है। इस सीरीज में सिद्धार्थ बोडके लीड रोल में नजर आने वाले हैं। सीरीज में वह सहारा ग्रुप के संस्थापक सुब्रत रॉय की भूमिका में दिखाई देंगे। ‘स्कैम 2010’ में सुब्रत रॉय से जुड़े विवाद देखने को मिलेंगे और इसी के साथ हंसल मेहता एक बार फिर वित्तीय घोटाले की कहानी दिखाने वाले हैं।
जारी हुआ ‘स्कैम 2010’ का टीजर
‘स्कैम 2010’ के टीजर की शुरुआत ‘स्कैम’ फ्रेंचाइजी के पहले सीजन से होती है, जिसमें प्रतीक गांधी नजर आते हैं। इसके बाद दूसरे सीजन की झलक देखने को मिलती है और फिर सुब्रत रॉय के लुक में सिद्धार्थ बोडके नजर आते हैं। कैमरा सिद्धार्थ पर फोकस होता है, जो सूट-बूट पहने एक होटल लॉबी में नजर आते हैं और कहते हैं- ‘लोगों का हम पर भरोसा और यकीन है।’ और फिर इसके बाद वह होटल के गलियारे से गुजरते हुए एक और डायलॉग मारते हैं। वह कहते हैं- ‘हम लोगों के लिए एक सहारा हैं, और ये सहारा अभी तक हारा नहीं है।’ टीजर जारी होते ही दर्शकों ने अब इस पर प्रतिक्रिया देना शुरू कर दिया है और इसे लेकर अपनी उत्सुकता जाहिर कर रहे हैं।
चर्चा में स्कैम 2010 का डायलॉग
‘स्कैम’ फ्रेंचाइजी अपने कलाकारों के जबरदस्त अभिय के साथ-साथ अपने वन लाइनर्स के लिए भी मशहूर है। हर्षद मेहता पर बनी ‘स्कैम 1992: द हर्षद मेहता स्टोरी’ में ‘रिस्क है तो इश्क है!’ डायलॉग काफी चर्चा में रहा था और फिर इसके बाद आई ‘स्कैम 2003’ के डायलॉग ‘डेयरिंग तो करना पडे़गा ना डार्लिंग’ ने भी काफी सुर्खियां बटोरीं। अब ‘स्कैम 2010’ का भी एक डायलॉग टीजर के जारी होते ही चर्चा में आ गया है। टीजर में सुब्रत रॉय बने सिद्धार्थ बोडके कहते हैं- ‘हम पर लोगों को भरोसा है। लोगों का हम सहारा हैं और ये सहारा अभी तक हारा नहीं है।’
कब और किस ओटीटी प्लेटफॉर्म पर रिलीज होगी ‘स्कैम 2010’
Scam 2010 Teaserसुब्रत रॉय की दुनिया की एक झलक दिखाती ‘स्कैम 2010’ जनवरी 2027 में स्ट्रीमिंग के लिए उपलब्ध होगी। ये सीरीज विशेष रूप से ओटीटी प्लेटफॉर्म सोनी लिव पर रिलीज होगी। वहीं इस सीरीज के लीड एक्टर सिद्धार्थ बोडके की बात करें तो वह मराठी मनोरंजन जगत का जाना-माना नाम हैं। उन्होंने मराठी टीवी शो ‘तू अशी जवली रहा’ से सुर्खियां बटोरी थीं। इसके अलावा वह ‘गुम है किसी के प्यार में’ में भी नजर आ चुके हैं। सिद्धार्थ ने ‘दृश्यम 2’, ‘देवा’ में भी नजर आ चुके हैं और इसके अलावा ‘पुन्हा शिवाजीराजे भोसले’ और ‘श्रीदेवी प्रसन्ना’ का भी हिस्सा रह चुके हैं।