रायगढ़ न्यूज़ (समाचार)

Raigarh News : ऑपरेशन क्लीन हंट: गांजा तस्करी के फरार आरोपी जफर खान को चक्रधरनगर पुलिस ने तमनार के ग्राम बिजना से किया गिरफ्तार

ओडिशा से गांजा लाकर रायगढ़ और आसपास के क्षेत्रों में बेचने का आरोप, पूर्व में गिरफ्तार महिला और उसके बेटे को गांजा सप्लाई करने का किया खुलासा

Raigarh News : *रायगढ़, 15 अक्टूबर 2026* । रायगढ़ पुलिस द्वारा फरार आरोपियों फरार वारंटियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे “आपरेशन क्लीन हंट” के तहत चक्रधरनगर पुलिस ने गांजा तस्करी के मामले में फरार आरोपी जफर खान (55 वर्ष), निवासी ग्राम बिजना, थाना तमनार, जिला रायगढ़ को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। आरोपी पर ओडिशा से गांजा लाकर रायगढ़ और आसपास के क्षेत्रों में बिक्री करने तथा पूर्व में गिरफ्तार अपनी बहन रशीदन खान और उसके बेटे शेख नसीब को गांजा उपलब्ध कराने का आरोप है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से तस्करी में प्रयुक्त बजाज प्लेटिना मोटरसाइकिल क्रमांक CG 13 AT 9329 भी जब्त की है।

Read More : Jio Platforms IPO: Jio IPO में पैसा लगाने का मौका, जानिए प्राइस बैंड सहित सभी जरूरी डिटेल्स

जानकारी के अनुसार, दिनांक 17 सितंबर 2026 को चक्रधरनगर पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम लामीदरहा के सड़कपारा स्थित एक किराना दुकान में रशीदन खान और उसका बेटा शेख नसीब गांजे की पुड़िया बनाकर अवैध रूप से बिक्री कर रहे हैं। सूचना पर पुलिस ने मौके पर दबिश दी, जहां रशीदन खान (57 वर्ष) और शेख नसीब (27 वर्ष), दोनों निवासी ग्राम लामीदरहा, थाना चक्रधरनगर, जिला रायगढ़, मिले। विधिवत तलाशी के दौरान रशीदन खान के कब्जे से गांजे से भरी 10 कागज की पुड़िया तथा शेख नसीब के कब्जे से एक प्लास्टिक पन्नी में रखा गांजा बरामद किया गया। कुल बरामदगी लगभग 1 किलो 28 ग्राम गांजा बताई गई है। इस मामले में थाना चक्रधरनगर में अपराध क्रमांक 474/2026, धारा 20(बी), 29 एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया था।

पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने बताया था कि ग्राम बिजना के पठानपारा निवासी जफर खान 15 सितंबर 2026 को मोटरसाइकिल से एक किलो से अधिक गांजा लेकर किराना दुकान पहुंचा था और उसे 10 हजार रुपये में बेचकर गया था। इसके बाद गांजे की पुड़िया बनाकर प्रत्येक पुड़िया 50 रुपये में बेचने की बात सामने आई थी। मामले में जफर खान की संलिप्तता सामने आने के बाद से ही पुलिस उसकी तलाश कर रही थी।

ऑपरेशन क्लीन हंट के तहत थाना प्रभारी चक्रधरनगर निरीक्षक राकेश मिश्रा ने फरार आरोपी की पतासाजी के लिए मुखबिर सक्रिय किए। इसी दौरान आरोपी के अपने गांव में छिपकर आने की सूचना मिली। सूचना पर उप निरीक्षक गेंदलाल साहू और आरक्षक विक्रम कुजूर को गिरफ्तारी के लिए तमनार रवाना किया गया। तमनार पुलिस के सहयोग से संयुक्त टीम ने ग्राम बिजना में दबिश देकर जफर खान को हिरासत में लिया और थाना चक्रधरनगर लाया।

आरोपी जफर खान ने पूछताछ में स्वीकार किया कि रशीदन खान उसकी बहन है और वह पहले भी उसे गांजा बिक्री के लिए दे चुका है। आरोपी ने 15 सितंबर 2026 को रशीदन खान और उसके बेटे शेख नसीब को 10 हजार रुपये में गांजा बेचने की बात भी स्वीकार की। पुलिस ने प्रकरण में आरोपी को गिरफ्तार कर गांजा तस्करी में प्रयुक्त बजाज प्लेटिना मोटरसाइकिल जब्त की है। आरोपी को एनडीपीएस एक्ट के तहत न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

Read More : Raigarh News : अभियान संवेदना: नाबालिग से शारीरिक शोषण के मामले में चौकी खरसिया पुलिस की त्वरित कार्रवाई, आरोपी 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार

👉🏻 *एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह का संदेश*:

*”रायगढ़ जिले में मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध बिक्री में संलिप्त आरोपियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार प्रयास कर रही है। नशे के अवैध कारोबार में शामिल लोगों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा।”*

ख़बर शेयर करें:

Back to top button