रायगढ़ न्यूज़ (समाचार)

Raigarh News : अपराध समीक्षा बैठक में एसएसपी के सख्त निर्देश: पेंडेंसी पर नाराजगी, अपराध निकाल में लापरवाही पर कार्रवाई की चेतावनी

“साइबर जागृति अभियान” में रायगढ़ पुलिस को आगे रखने एसएसपी ने दिए जनजागरूकता बढ़ाने के निर्देश

Raigarh News :  *रायगढ़, 12 सितंबर* । आगामी गणेश उत्सव एवं चक्रधर समारोह सहित जिले में कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और लंबित प्रकरणों के त्वरित निराकरण को लेकर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह ने आज 12 सितंबर को पुलिस कंट्रोल रूम में अपराध समीक्षा बैठक ली। बैठक में जिले के राजपत्रित पुलिस अधिकारी, थाना एवं चौकी प्रभारी तथा विभिन्न शाखाओं के प्रभारी उपस्थित रहे। एसएसपी ने अपराधों की स्थिति की समीक्षा करते हुए लंबित प्रकरणों के शीघ्र निराकरण, कानून-व्यवस्था को मजबूत रखने और संवेदनशील मामलों में प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए।

Read More : Raigarh News : गुजरात से आए दंपती को शादी के 12 वर्षों बाद एपेक्स में मिली जुड़वां बच्चों की सौगात

*गणेश उत्सव की सुरक्षा पर विशेष फोकस*

बैठक की शुरुआत आगामी गणेश उत्सव के दौरान सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था की तैयारियों से हुई। एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह ने सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्र की गणेश समितियों के पदाधिकारियों की बैठक लेकर सुरक्षा संबंधी आवश्यक निर्देश देने कहा। गणेश पंडालों में सड़क जाम न हो, पर्याप्त पार्किंग व्यवस्था रहे और रात्रि में पंडाल की सुरक्षा के लिए समिति द्वारा वालंटियर तैनात किए जाएं, यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

थाना प्रभारियों को गणेश समितियों के सदस्यों के नाम और मोबाइल नंबर दर्ज करने तथा उन्हें संबंधित थाना प्रभारी, पेट्रोलिंग टीम एवं डायल-112 का नंबर उपलब्ध कराने कहा गया। साथ ही पंडालों में आयोजित होने वाले सांस्कृतिक एवं अन्य कार्यक्रमों तथा बाहर से आने वाले कलाकारों की जानकारी लेकर उनकी सुरक्षा व्यवस्था की पूर्व तैयारी करने के निर्देश दिए गए।

*विसर्जन की रूपरेखा पहले से तैयार करने के निर्देश*

एसएसपी ने गणेश विसर्जन को लेकर भी पहले से विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने कहा। समितियों को डीजे को लेकर विवाद की स्थिति निर्मित नहीं होने देने तथा जिला प्रशासन द्वारा निर्धारित नियमों का अनिवार्य रूप से पालन कराने के निर्देश दिए गए।

*चक्रधर समारोह की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा*

अपराध समीक्षा बैठक में आगामी चक्रधर समारोह की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी विस्तार से चर्चा की गई। एसएसपी ने राजपत्रित अधिकारियों एवं थाना-चौकी प्रभारियों को कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने तथा जिला प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित कर समारोह को सफल बनाने में पुलिस की प्रभावी भूमिका सुनिश्चित करने कहा।

*अपराधों की पेंडेंसी पर नाराजगी, सीनियर आरक्षकों को भी मिलेगी विवेचना*

अपराध निकाल की समीक्षा के दौरान थानों में सामान्य अपराधों के लंबित रहने पर एसएसपी ने नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने थाना प्रभारियों को निर्देशित किया कि थानों की पेंडेंसी कम करने के लिए सीनियर आरक्षकों को भी विवेचना कार्य में लगाया जाए। प्रत्येक थाना प्रभारी कम से कम दो सीनियर आरक्षकों को सामान्य अपराधों की विवेचना सौंपें।
उन्होंने कहा कि अपराधों का समय पर निराकरण पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है और अनावश्यक रूप से प्रकरण लंबित नहीं रहने चाहिए।

*60 और 90 दिवस में अपराध निकाल पर विशेष जोर*

नवीन कानून के तहत 60 एवं 90 दिवस में अपराध निकाल को लेकर भी एसएसपी ने विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा की पुलिस मुख्यालय द्वारा प्रत्येक जिलों की समीक्षा की जा रही है, गंभीरता बरतें । न्यायालय के निर्देशों के अनुसार गुम इंसान के मामलों में सीधे अपराध पंजीबद्ध किए जाने से अपहरण के मामलों की पेंडेंसी बढ़ने के संबंध में समीक्षा की गई। एसएसपी ने निर्देश दिए कि अपहरण के अपराध दर्ज होने के बाद पुलिस बड़े स्तर पर प्रयास करते हुए मामलों का शीघ्र निकाल सुनिश्चित करे।

*हर माह अपराध निकाल अभियान, बेहतर कार्य पर इनाम और लापरवाही पर सजा*

एसएसपी ने कहा कि प्रत्येक माह अपराध निकाल के लिए विशेष अभियान चलाया जाता है। अभियान में बेहतर प्रदर्शन करने वाले थाना प्रभारियों को पुरस्कृत किया जाएगा, जबकि संतोषजनक कार्यवाही नहीं करने वाले थाना प्रभारियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में तीन माह से अधिक पुराने मर्ग प्रकरणों की भी समीक्षा की गई तथा लंबित मर्ग मामलों का शीघ्र निराकरण करने के निर्देश दिए गए।

*ब्लैक स्पॉट पर एमवी एक्ट कार्रवाई और जागरूकता अभियान*

सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम को लेकर एसएसपी ने ब्लैक स्पॉट क्षेत्रों में विशेष निगरानी के निर्देश दिए। यातायात पुलिस एवं संबंधित थाना पुलिस की टीमों को ऐसे स्थानों पर लगातार मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई करने के साथ-साथ सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने कहा गया।

*“ऑपरेशन आघात” में अवैध शराब पर और तेज होगी कार्रवाई*

बैठक में आबकारी एक्ट के प्रकरणों में आई कमी पर भी चर्चा हुई। एसएसपी ने निर्देशित किया कि “ऑपरेशन आघात” के तहत अवैध शराब के विरुद्ध अधिक से अधिक प्रभावी कार्रवाई की जाए। इसके साथ ही अवैध कबाड़ तथा जुआ-सट्टा संबंधी सूचनाओं पर त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।

*किराएदारों और होटल में ठहरने वालों की नियमित जांच*

अप्रवासी नागरिकों की जांच एवं सत्यापन को लेकर भी थाना प्रभारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए। प्रत्येक सप्ताह किराएदारों की जांच, होटलों की नियमित जांच तथा “समाधान ऐप” में किराएदारों एवं होटल में ठहरने वाले व्यक्तियों की अनिवार्य एंट्री सुनिश्चित करने कहा गया।

*“साइबर जागृति अभियान” में रायगढ़ पुलिस को आगे रखने का लक्ष्य*

प्रदेशव्यापी “साइबर जागृति अभियान” की भी बैठक में समीक्षा की गई। एसएसपी ने कहा कि प्रदेश के सभी जिलों में साइबर जागरूकता को लेकर स्वस्थ प्रतिस्पर्धा है और रायगढ़ पुलिस को इसमें पीछे नहीं रहना है। उन्होंने लगातार साइबर अवेयरनेस कार्यक्रम आयोजित कर आमजन, विद्यार्थियों एवं विभिन्न वर्गों को साइबर अपराधों से बचाव के प्रति जागरूक करने के निर्देश दिए।
उन्होंने “साइबर जागृति अभियान” के तहत रायगढ़ पुलिस द्वारा आयोजित “लघु फिल्म प्रतियोगिता” का व्यापक प्रचार-प्रसार करने तथा प्रतियोगिता में भाग लेने वाले फिल्म निर्माताओं, क्रिएटर्स एवं प्रतिभागियों को आवश्यक मार्गदर्शन उपलब्ध कराने कहा।

Read More : Chhattisgarh news raipur: छत्तीसगढ़ के इस जिले में एक साथ मिले कोरोना और स्वाइन फ्लू के इतने मरीज, स्वास्थ्य विभाग में मचा हड़कंप

*प्रशिक्षु उप निरीक्षकों के प्रशिक्षण की भी समीक्षा*

बैठक में प्रशिक्षु उप निरीक्षकों की प्रशिक्षण प्रगति की भी समीक्षा की गई। डीएसपी श्री सुशांतो बनर्जी द्वारा प्रशिक्षु उप निरीक्षकों की पृथक बैठक लेकर प्रशिक्षण से संबंधित आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अनिल सोनी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात श्री पुष्पेंद्र बघेल, नगर पुलिस अधीक्षक श्री मयंक मिश्रा, डीएसपी श्रीमती उन्नति ठाकुर, एसडीओपी धरमजयगढ़ श्री सिद्दांत तिवारी, एसडीओपी खरसिया श्री सतीश भार्गव, डीएसपी ट्रैफिक श्री उत्तम प्रताप सिंह, डीएसपी श्री सुशांतो बनर्जी, श्री राहुल उईके, श्री शिखर मरावी, रक्षित निरीक्षक श्री अमित सिंह सहित जिले के सभी थाना, चौकी एवं शाखा प्रभारी उपस्थित रहे।

ख़बर शेयर करें:

Back to top button