Raigarh News : नेशनल हाईवे-49 पर सड़क के बीच खतरनाक तरीके से वाहन खड़ा करने वालों पर एफआईआर
4 वाहन चालकों पर एफआईआर, 33 वाहनों पर चालानी कार्रवाई और 107 अतिक्रमणकारियों को नोटिस, अभियान आगे भी रहेगा जारी

Raigarh News : *रायगढ़, 03 सितंबर 2026* । सड़क सुरक्षा और सुगम यातायात व्यवस्था को लेकर रायगढ़ पुलिस एवं प्रशासन द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। कलेक्टर रायगढ़ श्री मयंक चतुर्वेदी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह के मार्गदर्शन में सड़क सुरक्षा के लिए गठित नेशनल हाईवे टास्क फोर्स ने जिले से होकर गुजरने वाले नेशनल हाईवे पर सड़क के बीच अथवा सड़क किनारे खतरनाक तरीके से वाहन खड़ा करने तथा आवागमन में बाधा उत्पन्न करने वाले वाहन चालकों एवं अतिक्रमणकारियों के विरुद्ध कार्रवाई तेज कर दी है।

इसी क्रम में अपर कलेक्टर श्री अपूर्व प्रियेश टोप्पो, एडिशनल एसपी (ट्रैफिक) श्री पुष्पेन्द्र बघेल, डीएसपी ट्रैफिक श्री उत्तम प्रताप सिंह के नेतृत्व में काशीराम चौक से ट्रांसपोर्ट नगर चौक तक विशेष अभियान चलाकर सड़क पर बेतरतीब एवं खतरनाक तरीके से खड़े वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की गई। इस दौरान 4 वाहन चालकों के विरुद्ध थाना जूटमिल में धारा 285 भारतीय न्याय संहिता के तहत अपराध दर्ज कराया गया, जबकि 33 वाहनों पर मोटर व्हीकल एक्ट के तहत चालानी कार्रवाई की गई। वहीं सड़क तक अतिक्रमण कर यातायात प्रभावित करने वाले 107 दुकानदारों एवं ठेले वालों को अतिक्रमण हटाने की नोटिस जारी की गई।
*ट्रांसपोर्ट नगर में बेतरतीब खड़े भारी वाहनों की शिकायत पर कार्रवाई*
ट्रांसपोर्ट नगर क्षेत्र के नागरिकों द्वारा वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को शिकायत की गई थी कि क्षेत्र से होकर गुजरने वाले NH-49 पर मालवाहक वाहन, ट्रेलर, ट्रक एवं माजदा वाहन सड़क पर बेतरतीब तरीके से खड़े रहते हैं। इससे यातायात प्रभावित होने के साथ ही दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।
शिकायत को गंभीरता से लेते हुए नेशनल हाईवे टास्क फोर्स की टीम द्वारा काशीराम चौक से ट्रांसपोर्ट नगर चौक तक विशेष अभियान चलाया गया।
अभियान के दौरान सड़क के मध्य खतरनाक तरीके से वाहन खड़ा कर यातायात में बाधा उत्पन्न करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध थाना जूटमिल में धारा 285 बीएनएस के तहत कार्रवाई की गई। इसके साथ ही यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले अन्य वाहनों पर मोटर व्हीकल एक्ट के तहत चालानी कार्रवाई की गई।
*107 अतिक्रमणकारियों को नोटिस*
अभियान के दौरान सड़क तक दुकान, ठेला एवं अन्य सामग्री लगाकर आवागमन प्रभावित करने वाले 107 दुकानदारों एवं ठेले वालों को अतिक्रमण हटाने की नोटिस जारी की गई।
एडिशनल एसपी ट्रैफिक श्री पुष्पेंद्र बघेल ने वाहन चालकों एवं अतिक्रमणकारियों को स्पष्ट समझाइश दी कि नेशनल हाईवे एवं सार्वजनिक मार्ग पर इस प्रकार वाहन खड़ा कर अथवा अतिक्रमण कर यातायात बाधित न करें। नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा एवं सुगम यातायात व्यवस्था को लेकर नेशनल हाईवे टास्क फोर्स की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।

Read More : OTT Release this week: गांधारी से लेकर ‘धमाल 4’ तक, इस वीकेंड OTT पर देखें 9 नई फिल्में और सीरीज
*इन वाहन चालकों पर दर्ज हुई एफआईआर*-
1. हेमंत्रा कुमार मंडल, पिता चन्द्रकांत मंडल, उम्र 59 वर्ष — 14 चक्का ट्रक क्रमांक WB33F2107, निवासी बगाजल बलीबेला, थाना घोघट, जिला हुगली, पश्चिम बंगाल।
2. बप्पी लामा, पिता शांता बहादुर लामा, उम्र 44 वर्ष — 10 चक्का ट्रक क्रमांक WB23E3424, निवासी लामा वार्ड क्रमांक 08, थाना ढुबरी, जिला ढुबरी, असम
3. श्याम श्रीवास, पिता वीरेन्द्र श्रीवास, उम्र 41 वर्ष — मेटाडोर 407 क्रमांक MP07GA4856, निवासी घोषीपुरा मोरार, थाना मोरार, जिला ग्वालियर, मध्यप्रदेश।
4. हेमंत साहू, पिता खोरबहरा साहू, उम्र 49 वर्ष — 06 चक्का ट्रक क्रमांक CG08BH3812, निवासी रामपुर, थाना लालबाग, जिला राजनांदगांव, छत्तीसगढ़।