रायगढ़ न्यूज़ (समाचार)

Raigarh News : रायगढ़ ट्रेलर यूनियन का बड़ा फैसला: नियम तोड़ने वालों पर गिरेगी गाज, यूनियन भाड़ा नहीं देने वाले ट्रांसपोर्टर होंगे ब्लैकलिस्ट

3 दिन में जारी होगी 2,000 सक्रिय वाहनों की अंतिम सूची, अब सिर्फ पंजीकृत और सक्रिय सदस्यों को मिलेगा यूनियन का भाड़ा; जिला स्तरीय बैठक में 300 से अधिक सदस्य रहे मौजूद

Raigarh News :  @प्रशांत तिवारी रायगढ़। रायगढ़ जिला ट्रेलर मालिक कल्याण संघ की जिला स्तरीय महत्वपूर्ण बैठक रविवार लगभग 3 बजे को यूनियन कार्यालय में आयोजित की गई। बैठक में जिलेभर से लगभग 300 ट्रेलर मालिक, ट्रांसपोर्टर एवं यूनियन सदस्य शामिल हुए। संगठन को और अधिक मजबूत बनाने, ट्रांसपोर्टरों के हितों की रक्षा करने तथा यूनियन व्यवस्था को प्रभावी बनाने के उद्देश्य से आयोजित इस बैठक में कई अहम प्रस्तावों पर चर्चा के बाद महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।

Read More : Cube Highways Trust IPO: पैसा रखें तैयार! ₹5,000 करोड़ का IPO लाने जा रहा ये कंपनी, जुलाई के अंत तक लिस्टिंग

बैठक की अध्यक्षता करते हुए संघ के अध्यक्ष ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि अब रायगढ़ जिले में यूनियन के नियमों से कोई समझौता नहीं होगा। जो भी ट्रांसपोर्टर निर्धारित यूनियन भाड़ा नहीं देंगे, कम भाड़ा देकर गाड़ियां चलाएंगे अथवा यूनियन के नियमों की अवहेलना करेंगे, उन्हें तत्काल प्रभाव से ब्लैकलिस्ट किया जाएगा। ऐसे ट्रांसपोर्टरों को भविष्य में यूनियन की सूची से बाहर कर दिया जाएगा और उन्हें यूनियन के माध्यम से किसी भी प्रकार का भाड़ा या सहयोग नहीं मिलेगा।

2900 से घटकर 2000 हुई सक्रिय वाहनों की संख्या

बैठक में जानकारी दी गई कि रायगढ़ जिले में पहले लगभग 2,900 ट्रेलर यूनियन में पंजीकृत थे। इनमें से बड़ी संख्या ऐसे सदस्यों की थी, जो केवल नाम के लिए जुड़े हुए थे। वे न तो यूनियन की बैठकों में भाग लेते थे और न ही संगठनात्मक गतिविधियों में सहयोग करते थे। ऐसे निष्क्रिय सदस्यों की समीक्षा के बाद उनके नाम सूची से हटाने का निर्णय लिया गया।

अब यूनियन की सक्रिय सूची में करीब 2,000 वाहनों को ही शामिल किया जाएगा। यूनियन ने बताया कि अगले तीन दिनों के भीतर अंतिम सूची जारी कर दी जाएगी। इसके बाद केवल सूची में शामिल सक्रिय वाहनों को ही यूनियन के माध्यम से भाड़ा और अन्य सुविधाओं का लाभ मिलेगा।

नियमों का पालन अनिवार्य, नहीं तो होगी कार्रवाई

संघ के अध्यक्ष ने कहा कि संगठन की मजबूती सभी ट्रेलर मालिकों की एकजुटता पर निर्भर करती है। इसलिए प्रत्येक सदस्य को यूनियन के नियमों का पालन करना अनिवार्य होगा। यदि कोई ट्रांसपोर्टर यूनियन से बाहर रहकर या निर्धारित दर से कम भाड़े पर वाहन चलाने की कोशिश करेगा, तो उसके खिलाफ संगठनात्मक कार्रवाई करते हुए ब्लैकलिस्ट किया जाएगा।

यूनियन के कार्य नियमों का पालन पहले ही मीटिंग से ही सख्ती के साथ किया जा रहा है। आज की बैठक में भी कई बड़े ट्रेलर मालिकों के नाम यूनियन की सूची से हटाए जा चुके हैं। संगठन ने स्पष्ट किया है कि आगे भी जो सदस्य यूनियन के नियमों का पालन नहीं करेंगे, निर्धारित यूनियन भाड़ा नहीं देंगे या संगठन के निर्णयों की अनदेखी करेंगे, उनके खिलाफ इसी तरह की कार्रवाई जारी रहेगी। यूनियन ने दोहराया कि संगठन के हित सर्वोपरि हैं और सभी सदस्यों को नियमों का पालन करना अनिवार्य होगा।

उन्होंने कहा कि संगठन का उद्देश्य किसी के खिलाफ कार्रवाई करना नहीं, बल्कि सभी ट्रेलर मालिकों को समान अधिकार और उचित भाड़ा दिलाना है। इसके लिए सभी सदस्यों का सहयोग आवश्यक है।

बैठक में इन प्रमुख एजेंडों पर बनी सहमति

सभी खदानों एवं कंपनियों में निर्धारित यूनियन भाड़ा लागू कराने की समीक्षा।

यूनियन भाड़ा नहीं देने वाले ट्रांसपोर्टरों के खिलाफ कार्रवाई।

सक्रिय सदस्यों एवं वाहनों की अंतिम सूची तैयार करना।

सदस्यता शुल्क एवं नियमित जमा कराने की व्यवस्था।

अंबुजा, शारदा एवं अन्य खदानों में नया यूनियन भाड़ा लागू करने की रणनीति।

अदाणी क्षेत्र में आ रही समस्याओं एवं एसडीएस से जुड़े मुद्दों पर चर्चा।

प्रत्येक खदान में यूनियन स्टाफ की नियुक्ति का प्रस्ताव।

बाहरी (अपंजीकृत) वाहनों के संचालन पर नियंत्रण।

20 सदस्यीय कार्यकारिणी एवं कोर कमेटी के गठन पर चर्चा।

संगठन विस्तार एवं सदस्यों के सुझावों पर विचार।

Read More : Cube Highways Trust IPO: पैसा रखें तैयार! ₹5,000 करोड़ का IPO लाने जा रहा ये कंपनी, जुलाई के अंत तक लिस्टिंग

संगठन का संदेश

बैठक के अंत में सभी सदस्यों से संगठन को मजबूत बनाने, एकजुट रहने तथा यूनियन के नियमों का पूर्ण पालन करने की अपील की गई। संघ ने स्पष्ट किया कि “संगठन मजबूत होगा, तभी ट्रेलर मालिकों के अधिकार सुरक्षित रहेंगे और सभी को समान रूप से उचित भाड़ा मिल सकेगा।”

ख़बर शेयर करें:

Related Articles

Back to top button