Raigarh News : "8 महीने से वृद्धा,निराश्रित, विधवा,दिव्यांग पेंशन बंद, जरुरतमंदों की आह सुनने वाला कोई नहीं; अब वित्त मंत्री से न्याय की गुहार लगाएगी कांग्रेस": शाखा यादव – RGH NEWS
रायगढ़ न्यूज़ (समाचार)

Raigarh News : “8 महीने से वृद्धा,निराश्रित, विधवा,दिव्यांग पेंशन बंद, जरुरतमंदों की आह सुनने वाला कोई नहीं; अब वित्त मंत्री से न्याय की गुहार लगाएगी कांग्रेस”: शाखा यादव

Raigarh News : रायगढ़। सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के तहत मिलने वाली वृद्धावस्था, विधवा, निराश्रित एवं दिव्यांग पेंशन पिछले 8 महीनों से लंबित होने के कारण हजारों जरूरतमंद हितग्राही आर्थिक तंगी और मानसिक पीड़ा झेलने को मजबूर हैं। जिला कांग्रेस कमेटी ने इस गंभीर समस्या को लेकर पहले भी दो बार कलेक्टर के माध्यम से शासन का ध्यान आकृष्ट कराने ज्ञापन सौंपकर तत्काल भुगतान मांग की थी लेकिन प्रशासन ने केवल आश्वासन दिया पर आज तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने से हितग्राहियों में गहरा दुख व असंतोष व्याप्त है।

Read More : Trending News In CG: सीएम हेल्पलाइन 1076 से मिली राहतः रायगढ़ के छोटे अतरमुड़ा वार्ड में स्वच्छता व्यवस्था दुरुस्त, नाली सफाई समस्या का त्वरित समाधान

जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष शाखा यादव ने कहा कि जिन बुजुर्गों, विधवाओं, दिव्यांगों और निराश्रितों के लिए हर महीने मिलने वाली पेंशन ही जीवनयापन का एकमात्र सहारा है, उन्हें तकनीकी कारणों का हवाला देकर महीनों तक भुगतान से वंचित रखना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और अमानवीय है। दवा, राशन और रोजमर्रा की आवश्यकताओं के लिए संघर्ष कर रहे हितग्राहियों की सुध लेने वाला कोई नहीं है। सरकार यदि वास्तव में गरीबों की हितैषी है तो उसे सबसे पहले इन जरुरतमंदों की पीड़ा को समझना चाहिए।

शाखा यादव ने कहा कि प्रशासन को दो-दो बार ज्ञापन सौंपने के बावजूद ट्रिपल इंजन वाली,कथित सुशासन की सरकार की व्यवस्था नहीं जागी, तो यह निश्चित तौर पर सरकार की कुप्रबंधन,संवेदनहीनता का परिचायक है। जबकि प्रदेश भर में गरीबों के मकान तोड़ कर विधायक कालोनी, नालंदा लायब्रेरी, और सड़क निर्माण के लिए राशि स्वीकृत किये जा रहे हैं पर लाचार जरुरतमंद हितग्राहियों के पेंशन की चिंता सरकार को नहीं है।

शाखा यादव ने अब स्पष्ट रूप से कहा है कि यदि सात दिनों के भीतर सामाजिक सुरक्षा के तहत मिलने वाली समस्त लंबित पेंशनों के भुगतान की दिशा में ठोस कार्रवाई करते हुए पेंशन बहाली नहीं की जाती है तो कांग्रेस अब वंचित पेंशन हितग्राहियों को साथ लेकर प्रदेश के वित्त मंत्री श्री ओ. पी. चौधरी से मुलाकात कर उन्हें जमीनी हकीकत से अवगत कराएगी और 8 महीने से लंबित समस्त पेंशन राशि का तत्काल भुगतान कराने की गुहार लगायेगी और आग्रह करेगी कि भविष्य में ऐसी स्थिति उत्पन्न न हो इसके लिए स्थायी व्यवस्था भी बनाई जाए ।

शाखा यादव ने कहा कि भाजपा सरकार को यह समझना होगा कि सामाजिक सुरक्षा पेंशन कोई उपकार नहीं, सामाजिक दायित्व है और समाज के सबसे कमजोर वर्गों का अधिकार है। यदि वित्त मंत्री से मुलाकात के बाद भी समस्या का समाधान नहीं हुआ, तो कांग्रेस हितग्राहियों के साथ मिलकर व्यापक लोकतांत्रिक आंदोलन छेड़ने के लिए बाध्य होगी, जिसकी पूरी जिम्मेदारी सरकार और प्रशासन की होगी।

Read More :Cg News Today: मुख्यमंत्री अनुसूचित जाति एवं जनजाति विद्यार्थी उत्कर्ष योजना

अंत में शाखा यादव ने कहा कि कांग्रेस की मांग है कि सभी लंबित सामाजिक सुरक्षा पेंशनों का तत्काल भुगतान कर बुजुर्गों, दिव्यांगों, विधवाओं और निराश्रितों को राहत प्रदान की जाए।

Related Articles

Back to top button