Raigarh News : सेवाभाव और जनकल्याण के साथ मनाया गया सावित्री देवी जिंदल का जन्मदिन — जिंदल फाउंडेशन के बहुआयामी सामाजिक कार्यक्रम—विशेष बच्चों से लेकर मरीजों, गौसेवा और छात्रवृत्ति तक व्यापक पहल

Raigarh News : रायगढ़. ओपी जिंदल समूह की चेयरपर्सन इमरिट्स श्रीमती सावित्री देवी जिंदल का जन्मदिन रायगढ़ में उत्साह, संवेदनशीलता और सेवाभाव के साथ मनाया गया। इस अवसर पर जिंदल फाउंडेशन द्वारा शहर एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में विभिन्न सामाजिक एवं जनकल्याणकारी कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। संयंत्र परिसर में भी कई प्रेरणादायक गतिविधियां आयोजित की गईं।

20 मार्च को आयोजित कार्यक्रमों की श्रृंखला की शुरुआत जिंदल आशा केंद्र से हुई, जहां विशेष बच्चों ने हर्षोल्लास के साथ केक काटकर जन्मदिन मनाया। इस अवसर पर जिंदल स्टील लिमिटेड के कार्यपालन निदेशक देबोज्योति रॉय ने श्रीमती जिंदल को शुभकामनाएं प्रेषित करते हुए बच्चों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने बच्चों को जीवन में निरंतर आगे बढ़ने और स्वयं को बेहतर बनाने के लिए प्रेरित किया। जिंदल स्टील के एक्जीक्यूटिव वाइस प्रेसिडेंट संजीव चौहान ने भी बच्चों को अपनी आंतरिक शक्ति पर विश्वास रखते हुए आगे बढ़ने का संदेश दिया। वहीं, सीएसआर विभाग के प्रमुख अपूर्व चौधरी ने बच्चों को आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच के महत्व से अवगत कराया। इस दौरान राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले जिंदल आशा केंद्र के विशेष बच्चों को सम्मानित किया गया तथा सभी बच्चों को उपहार वितरित किए गए। साथ ही, वर्ल्ड ओरल हेल्थ डे के अवसर पर फोर्टिस—ओपी जिंदल अस्पताल के विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा बच्चों के लिए नि:शुल्क ओरल हेल्थ चेकअप शिविर का आयोजन किया गया।
इसके अतिरिक्त, जिंदल फाउंडेशन द्वारा जिला अस्पताल एवं मेडिकल कॉलेज के समीप स्थित मातृ एवं शिशु अस्पताल में मरीजों को फल वितरित किए गए तथा उनके लिए बेडशीट्स भी उपलब्ध कराई गईं। जिंदल स्टील के एसोसिएट वाइस प्रेसिडेंट नीरज शर्मा एवं सीएसआर टीम ने अस्पताल पहुंचकर सामग्रियां मरीजों को सौंपीं एवं उनकी सेहत के बारे में जानकारी ली। चक्रधर गौशाला में गायों के लिए आटा, गुड़ एवं दाना प्रदान किया गया। साथ ही, गर्मी से राहत के लिए बड़े आकार के कूलर भी उपलब्ध कराए गए। जिला जेल में महिला बंदियों के लिए स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें फोर्टिस—ओपी जिंदल अस्पताल के विशेषज्ञ चिकित्सकों ने स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक परामर्श दिया। इसके अलावा आशा प्रशामक गृह में रहवासियों के लिए आवश्यक सामग्री एवं दवाइयां भी वितरित की गईं।

मेधावी विद्यार्थियों को 17 लाख से अधिक की छात्रवृत्ति
जिंदल फाउंडेशन द्वारा अंचल की मेधावी छात्राओं को सावित्री देवी जिंदल छात्रवृत्ति प्रदान की गई। प्रतिवर्ष संयंत्र के आसपास के गांवों के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने हेतु ओपी जिंदल एवं सावित्री देवी जिंदल स्कॉलरशिप प्रदान की जाती है, जिसमें कक्षा 8वीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों के साथ ही इंजीनियरिंग, मेडिकल एवं व्यावसायिक शिक्षा प्राप्त कर रहे छात्र-छात्राएं शामिल होते हैं। इस वर्ष आयोजित चयन परीक्षा में 70 छात्राओं ने सफलता प्राप्त की, जिन्हें जिंदल सेंटर में आयोजित समारोह में कार्यपालन निदेशक देबोज्योति रॉय द्वारा छात्रवृत्ति प्रदान की गई। उन्होंने छात्राओं को अपने लक्ष्य निर्धारित कर दृढ़ संकल्प और परिश्रम के साथ उन्हें प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया। उल्लेखनीय है कि इससे पूर्व समूह के चेयरमैन नवीन जिंदल के जन्मदिन के अवसर पर 50 मेधावी छात्रों को ओपी जिंदल स्कॉलरशिप प्रदान की गई थी। इस प्रकार कुल 120 विद्यार्थियों को 17 लाख रुपये से अधिक की छात्रवृत्ति वितरित की गई।इस दौरान छात्रवृत्ति हासिल करने वाली छात्राओं ने भी अपने अनुभव और छात्रवृत्ति के कारण उन्हें मिली मदद से जुड़े अपने अनुभव सभी के साथ बांटते हुए जिंदल फाउंडेशन द्वारा किए जा रहे प्रयासों की सराहना की।
एसएसडी पूंजीपथरा में भी आयोजित हुए कार्यक्रम
श्रीमती सावित्री देवी जिंदल के जन्मदिन के अवसर पर स्टील स्ट्रक्चरल डिवीजन, पूंजीपथरा में भी विविध कार्यक्रम आयोजित किए गए। एसएसडी प्रमुख सुभाष जैन सहित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उन्हें शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर जिंदल फाउंडेशन द्वारा पूंजीपथरा में तालाब की खुदाई, गहरीकरण एवं स्नान घाट निर्माण कार्य के लिए भूमिपूजन भी किया गया, जो क्षेत्रीय जल संरक्षण और सामुदायिक विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।



