Raigarh News : कलेक्टर ने नगर निगम क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों का किया निरीक्षण, गुणवत्ता और समय-सीमा पर दिया जोर – RGH NEWS
रायगढ़ न्यूज़ (समाचार)

Raigarh News : कलेक्टर ने नगर निगम क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों का किया निरीक्षण, गुणवत्ता और समय-सीमा पर दिया जोर

महिला हॉस्टल और ट्रांजिट हॉस्टल निर्माण के लिए चयनित स्थलों का किया निरीक्षण

Raigarh News :  रायगढ़, 11 मार्च 2026/ कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी ने आज नगर पालिक निगम रायगढ़ क्षेत्र में संचालित विभिन्न विकास कार्यों का स्थल निरीक्षण कर प्रगति की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने कहा कि सभी निर्माण कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण किए जाएं तथा गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता न किया जाए। निरीक्षण के दौरान उन्होंने शिक्षा, खेल तथा शहरी अधोसंरचना से जुड़े कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं का जायजा लिया। कलेक्टर ने नालंदा परिसर में चल रहे निर्माण कार्यों का निरीक्षण कर कार्य की प्रगति की जानकारी ली। अधिकारियों ने बताया कि नालंदा परिसर का कार्य लगभग 60 प्रतिशत पूर्ण हो चुका है। कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शेष कार्य को तेज गति से पूरा करते हुए आगामी जून माह से पहले परिसर को पूरी तरह तैयार किया जाए, ताकि नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत से ही विद्यार्थियों को इस आधुनिक एवं सुविधायुक्त परिसर का लाभ मिल सके। उन्होंने कहा कि नालंदा परिसर के बनने से विद्यार्थियों को अध्ययन के लिए बेहतर वातावरण उपलब्ध होगा और शिक्षा के क्षेत्र में जिले को नई सुविधा प्राप्त होगी।

Read More : Surat Chemical Factory Fire: केमिकल फैक्ट्री में लगी भीषण आग, मौके पर पहुंचीं 20 से ज्यादा दमकल गाड़ियां

कलेक्टर ने रायगढ़ स्टेडियम में चल रहे निर्माण कार्यों का भी अवलोकन किया। यहां बनाए जा रहे स्विमिंग पूल और सिंथेटिक ट्रैक की प्रगति की जानकारी लेते हुए उन्होंने अधिकारियों को कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने इन दोनों परियोजनाओं को दो माह के भीतर पूर्ण करने की समय-सीमा निर्धारित की। कलेक्टर ने कहा कि इन सुविधाओं के तैयार होने से खिलाड़ियों को बेहतर अभ्यास स्थल मिलेगा और जिले में खेल गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा, जिससे स्थानीय प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा। कलेक्टर ने शहर के प्रमुख स्थल मरीन ड्राइव में चल रहे सौंदर्यीकरण कार्य का भी निरीक्षण किया। उन्होंने नगर निगम और संबंधित एजेंसियों को निर्देशित किया कि निर्माण कार्य को उच्च गुणवत्ता मानकों के साथ निर्धारित समय में पूर्ण किया जाए, ताकि शहरवासियों को एक बेहतर और आकर्षक सार्वजनिक स्थल उपलब्ध हो सके। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने चक्रधर नगर पुल के समीप चल रहे निर्माण कार्यों की भी समीक्षा की। उन्होंने यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए डायवर्सन बनाने के निर्देश दिए, ताकि निर्माण कार्य बिना किसी बाधा के जारी रह सके। साथ ही पुल के निचले हिस्से में बॉक्स कलवर्ट निर्माण कार्य को भी शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए।

Read More : Air India Express: एअर इंडिया एक्सप्रेस फ्लाइट का हार्ड लैंडिंग के दौरान नोज व्हील टूटा, बाल-बाल बचे 133 यात्री

कलेक्टर ने लोक निर्माण विभाग द्वारा प्रस्तावित महिला हॉस्टल और ट्रांजिट हॉस्टल के लिए चयनित स्थलों का भी निरीक्षण किया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इन सुविधाओं के निर्माण से महिलाओं एवं अन्य जरूरतमंदों को बेहतर आवासीय सुविधा उपलब्ध हो सकेगी। कलेक्टर ने कहा कि विकास कार्यों की नियमित निगरानी और समीक्षा की जाएगी, ताकि सभी परियोजनाएं तय समय-सीमा में पूर्ण हों और शहरवासियों को बेहतर शहरी सुविधाएं उपलब्ध हो सकें। इस अवसर पर आयुक्त नगर निगम श्री बृजेश सिंह क्षत्रिय सहित संबंधित विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।

Related Articles

Back to top button