Raigarh News : रायगढ़ जिले से दर्दनाक खबर 2 दोस्तों की रहस्यमयी मौत: एक ही साड़ी से फांसी लगाकर दी जान, गांव में मचा हड़कंप

Raigarh News : RGHNEWS रायगढ़। जिले के पुसौर थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक घटना सामने आई, जिसने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया। यहां दो युवकों ने जन्मदिन की रात एक ही साड़ी के अलग-अलग छोर से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सुबह ग्रामीणों ने जब दोनों के शव पेड़ पर लटके देखे तो गांव में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है।

Read More :RO Water vs Normal Water: RO का पानी या नॉर्मल पानी, जानिए सेहत के लिए सही चुनाव
मिली जानकारी के अनुसार तेतला गांव निवासी दीपक बरैठ का सोमवार को जन्मदिन था। जन्मदिन मनाने के लिए वह अपने दोस्तों के साथ सरिया क्षेत्र के कटंगपाली गांव में रहने वाले अपने दोस्त शिवशरण कर्स को लेने गया था। इसके बाद दोनों दोस्त वापस चिखली इलाके में आ गए।
बताया जा रहा है कि रात में दोनों दोस्तों ने बाजार में जन्मदिन की पार्टी की और देर रात तक साथ रहे। इसके बाद वे शासकीय माध्यमिक शाला चिखली के परिसर में पहुंचे। यहीं स्कूल के पास लगे एक बबूल के पेड़ पर दोनों ने एक ही साड़ी के अलग-अलग छोर से फांसी लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली।
मंगलवार सुबह जब आसपास के लोग वहां से गुजर रहे थे, तब उनकी नजर पेड़ पर लटके दोनों युवकों के शव पर पड़ी। यह दृश्य देखते ही गांव में हड़कंप मच गया और तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।

सूचना मिलने पर पुसौर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई कर शवों को नीचे उतरवाया और पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया। फिलहाल आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस परिजनों और ग्रामीणों से पूछताछ कर मामले की जांच में जुटी हुई है।



