Raigarh News: रायगढ़ के भगवानपुर में संदिग्ध हालात में अधेड़ मृत, हड्डी शोरूम के पास गड्ढे में मिला सड़ा-गला शव

Raigarh News: रायगढ़। शहर के भगवानपुर इलाके में शनिवार सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई, जब हड्डी शोरूम के पास एक गड्ढे में अधेड़ व्यक्ति की सड़ी-गली लाश मिली। स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना तत्काल कोतरा रोड पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की।
पुलिस जांच में मृतक की पहचान शहर के वार्ड क्रमांक-3, रामभाठा निवासी घसियाराम यादव, पिता मोहित राम यादव (50 वर्ष) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि घसियाराम यादव शहर और आसपास के गांवों में भीख मांगकर जीवन यापन करता था।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शनिवार सुबह हड्डी शोरूम में काम करने वाले कर्मचारी जब कार्यालय पहुंचे, तो बदबू आने पर आसपास खोजबीन की गई। इसी दौरान पास के गड्ढे में शव पड़ा मिला, जिसकी सूचना तुरंत पुलिस को दी गई।
पुलिस द्वारा मौके पर पंचनामा कार्रवाई की गई। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मृतक की मौत तीन से चार दिन पहले हो चुकी थी, जिसके चलते शव पूरी तरह सड़ चुका था और शरीर में कीड़े लग गए थे। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा गया।
परिजनों की तलाश के दौरान पुलिस को पता चला कि मृतक के परिवार में यहां कोई नहीं रहता। हालांकि उसकी बहन के बच्चे पूंजीपथरा क्षेत्र में निवास करते हैं। उन्हें सूचना देकर बुलाया गया
फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। मौत के कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।



