Raigarh News: महिला आरक्षक से मारपीट का मुख्य आरोपी गिरफ्तार,जूते-चप्पल की माला, चूड़ी और लिपस्टिक… महिला पुलिस का अनोखा विरोध प्रदर्शन, देखें Video

Raigarh News: रायगढ़ जिले के तमनार क्षेत्र में महिला पुलिसकर्मी से मारपीट के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। मामले के मुख्य आरोपी चित्र सेन साव को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी तमनार थाना क्षेत्र के झरना गांव का रहने वाला है, जो घटना के बाद से पड़ीगांव में छिपकर फरार था। सोमवार को पुलिस ने उसे दबोच लिया।

गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश करने से पहले पैदल मार्च कराया। इस दौरान तमनार क्षेत्र की बड़ी संख्या में महिला पुलिसकर्मी मौके पर मौजूद रहीं। महिला पुलिस का आक्रोश इस कदर था कि आरोपी को जूते-चप्पल की माला पहनाई गई, चूड़ियां पहनाई गईं और लिपस्टिक लगाकर सरेआम घुमाया गया।
पैदल मार्च के दौरान महिला पुलिसकर्मियों ने नारेबाजी करते हुए आरोपी को कोर्ट परिसर तक ले जाया। बीच सड़क पर आरोपी से उठक-बैठक भी कराई गई, जिससे महिला पुलिस का गुस्सा साफ झलकता रहा। महिला कर्मियों का कहना था कि महिलाओं के साथ इस तरह की बदसलूकी किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
महिला पुलिसकर्मियों ने कहा कि इस प्रदर्शन के जरिए वे समाज को स्पष्ट संदेश देना चाहती हैं कि महिलाओं के खिलाफ घृणित कृत्य करने वालों को कड़ी से कड़ी सजा मिलेगी।

पैदल मार्च के दौरान घटना में घायल हुई तमनार थाना प्रभारी टीआई कमला पुसाम भी वॉकथ्रू के दौरान साथ मौजूद रहीं, जिससे पूरे घटनाक्रम को लेकर महिला बल की एकजुटता दिखाई दी।

आरोपी की गिरफ्तारी के बाद महिला पुलिसकर्मियों ने सड़क पर पटाखे फोड़े और केक काटकर खुशी जाहिर की। महिलाओं का कहना था कि घटना के बाद से वे काफी आक्रोशित थीं और अब जाकर उन्हें सुकून मिला है।
गौरतलब है कि इस मामले में अब तक कुल 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि एक अन्य आरोपी अब भी फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।


